Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

क्या ऋषभ पंत की कप्तानी में पूरा होगा DC का पहले खिताब का सपना, जानें टीम की ताकत और कमजोरी

इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का बिगुल बजा चुका है। टूर्नामेंट के पहले मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम का आमना-सामना विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होना है। हर सीजन की तरह इस दफा भी कागज पर सभी टीमें काफी संतुलित दिखाई दे रहीं हैं। पिछले सीजन फाइनल तक का सफर तय करने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2021 के लिए ऑक्शन में अपने कमजोर पक्ष पर बखूबी तरीके से काम किया है। दिल्ली ने स्टीव स्मिथ, उमेश यादव, सैम बिलिंग्स जैसे टॉप क्लास खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। हालांकि, सीजन की शुरुआत से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर का टूर्नामेंट से बाहर हो जाना टीम के लिए बहुत बड़ा झटका है।

दिल्ली कैपिटल्स की सबसे बड़ी ताकत उनका मजबूत गेंदबाजी अटैक नजर आ रहा है। टीम के पास कगिसो रबाडा, एनरिज नॉर्टजे जैसे दो जबर्दस्त पेसर पहले से ही मौजूद थे, जबकि उमेश यादव और टॉम करन के आने से टीम का पेस अटैक बेहद खतरनाक दिख रहा है। स्पिन विभाग में भी टीम के पास रविचंद्रन अश्विन और अमित मिश्रा के रूप में दो अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं, वहीं, अक्षर पटेल की हालिया फॉर्म टीम के लिए सोना पर सुहागा जैसे है। ईशांत शर्मा और मार्कस स्टोयनिस ने भी पिछले सीजन दमदार प्रदर्शन किया था।

कप्तान श्रेयस अय्यर के आईपीएल 2021 से बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स का मिडिल ऑर्डर पहले के मुकाबले काफी कमजोर नजर आ रहा है। टीम के पास स्टीव स्मिथ, अंजिक्य रहाणे जैसे बल्लेबाजों का अनुभव जरूर है, लेकिन मैच के हिसाब से रनों की गति बढ़ाने का हुनर इन दोनों बल्लेबाजों के पास नहीं है। रहाणे का बल्ला पिछले सीजन खामोश ही रहा था, जबकि स्मिथ भी राजस्थान की तरफ से कुछ ही अच्छी पारी खेली सके थे। कप्तानी मिलने के बाद ऋषभ पंत इस सीजन में किस अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे इस पर भी काफी कुछ निर्भर करने वाला है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस प्रकार है- ऋषभ पंत (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, शिमरोन हेटमायर, मार्कस स्टॉयनिस, क्रिस वोक्स, आर अश्विन, अक्षर पटेल, अमित मिश्रा, ललित यादव, प्रवीण दुबे, कगीसो रबाडा, एनरिच नोर्ट्जे, ईशांत शर्मा, आवेश खान, स्टीव स्मिथ, उमेश यादव, रिपल पटेल, विष्णु विनोद, लुकमान मेरिवाला, एम सिद्धार्थ, टॉम कुर्रन, सैम बिलिंग्स।



Herald