स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन की जीत के साथ भारतीय टीम ने एक बड़ा कीर्तिमान रच दिया है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज में खेले जा रहे ICC अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप (ICC Under 19 World Cup 2022) के फाइनल में जगह बना ली है। साथ ही कप्तान यश ढुल (Yash Dhull) ने अपनी शतकीय पारी की बदौलत एक ख़ास लिस्ट में जगह बना ली है।
* ख़ास लिस्ट में शामिल कप्तान यश ढुल :

कप्तान यश ढुल ने 110 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की बदौलत 110 रन की शानदार पारी खेली. इस शतक के साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन गए. उनसे पहले 2008 में कप्तान विराट कोहली और 2012 में कप्तान उन्मुक्त चंद ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में शतकीय पारी खेली है।
* क्या हुआ मैच में :
भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम के कप्तान यश ढुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. वहीं टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 290 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई अंडर 19 टीम को 291 रनों का लक्ष्य दिया था. भारत की ओर से कप्तान यश ढुल ने 110 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की बदौलत 110 रन की शानदार पारी खेली. इसके अलावा शेख रशीद ने 94 रन की पारी खेली. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी हुई. पारी के अंत में विकेटकीपर दिनेश बाना ने 4 गेंद में 20 रन बनाकर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक निसबेट और विलियम साल्ज़मान को 2-2 विकेट लेने में सफल रहे।
* टीम इंडिया ने हासिल किया बड़ा मुकाम :
अब टीम इंडिया 5 फरवरी को इंग्लैंड (England U19 vs India U19, Final) के खिलाफ एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेलेगी. भारतीय युवा अगर इस मुकाबले में विपक्षी टीम को शिकस्त देने में कामयाब होते हैं तो यह टीम इंडिया का पांचवां आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब होगा। ऑस्ट्रेलिया को मात देने के साथ ही टीम इंडिया ने लगातार चौथी बार ICC अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है. भारतीय टीम ऐसा करने वाली पहली टीम है. टीम इंडिया ने सर्वप्रथम साल 2000 में फाइनल का टिकट कटाया था. इससे पहले भारतीय टीम 2020, 2018 और 2016 के वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंचने में कामयाब रही थी।
Herald