स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2022 में रविवार 10 अप्रैल के डबल हेडर मुकाबले बेहद खास नतीजे लेकर आए. एक तरफ दिल्ली कैपिटल्स (KKR vs DC) ने अपनी लगातार दो हार के सिलसिले को खत्म करते हुए टेबल टॉपर कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ी शिकस्त दी. रविवार को दिल्ली और राजस्थान ने पिछले मैचों की हार से उबरते हुए लगातार जीत रही दो टीमों को हराया. दिल्ली ने कोलकाता के खिलाफ 44 रनों की बड़ी जीत हासिल करते हुए न सिर्फ 2 पॉइंट्स हासिल किए, बल्कि केकेआर के नेट रनरेट को बिगाड़ने के साथ अपने रनरेट में बड़ा सुधार किया।

वहीं राजस्थान रॉयल्स (RR vs LSG) ने भी जीत की राह पर वापसी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के विजयी रथ को रोका. इन दोनों नतीजों का पॉइंट्स टेबल (IPL Points Table) पर बड़ा असर पड़ा और राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता की हार का फायदा उठाते हुए पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर वापसी कर ली. वहीं दिल्ली ने भी उछाल मारी। इसका फायदा भी टीम को मिला और वह सातवें स्थान से उठकर छठें स्थान पर आ गई है. उसने पंजाब को पीछे छोड़ा, जिसके पॉइंट्स तो दिल्ली के बराबर 4 ही हैं, लेकिन NRR कम दिल्ली (0.476) है।
* गुजरात के पास नंबर 1 का मौका :
अब सबकी नजरें सोमवार को होने वाले मुकाबले पर हैं, जहां बेहतरीन लय में चल रही गुजरात टाइटंस का सामना है सनराइजर्स हैदराबाद से. गुजरात ने अपने पहले तीनों ही मैच जीत लिए हैं, जबकि हैदराबाद को लगातार 2 हार के बाद पहली जीत मिली. गुजरात के पास इस मैच में 2 पॉइंट्स हासिल कर टेबल में पहले स्थान पर पहुंचने का मौका रहेगा. उसके अभी 6 पॉइंट्स हैं और वह तीसरे स्थान पर है. वहीं अगर सनराइजर्स लगातार दूसरा मैच जीत गई, तो वह रहेगी तो आठवें स्थान पर ही, लेकिन चेन्नई और मुंबई जैसी टीमों पर बढ़त हासिल कर लेगी।
* राजस्थान की दोहरी वापसी :
वहीं लगातार दो बड़ी जीत के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली संजू सैमसन की कप्तानी वाली टीम ने पहले खराब बैटिंग से उभरकर 165 रन का बेहतर स्कोर खड़ा किया. फिर अपनी धारदार गेंदबाजी से लखनऊ की मजबूत बल्लेबाजी को ध्वस्त करते हुए 3 रन से रोमांचक जीत हासिल की. इस जीत के साथ राजस्थान ने 2 पॉइंट्स हासिल किए और अब उसके भी 6 केकेआर, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बराबर 6 पॉइंट्स हो गए हैं. राजस्थान को सीजन में अच्छी शुरुआत का ये फायदा मिला है कि उसका रनरेट बाकी सभी टीमों से अच्छा है. यही कारण है कि राजस्थान (0.951) ने कोलकाता (0.446) को पीछे छोड़ दिया है और फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया है।
Herald