मुंबई इंडियंस ने शनिवार को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हरा दिया.
चेन्नई ने मुंबई के सामने 170 रनों की चुनौती रखी थी जिसे मुंबई ने दो गेंद शेष रहते हुए दो विकेट खोकर हासिल कर लिया.
मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेली और 33 गेंदों में छह चौके तथा दो छक्कों की मदद से नाबाद 56 रन बनाए. इविन लुइस ने 43 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए. सूर्यकुमार यादव ने 44 रनों का योगादान दिया.
इससे पहले, चेन्नई ने सरेश रैना की 47 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से खेली गई नाबाद 75 रनों की पारी के दम पर 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 169 रन बनाए थे. रैना के अलावा अंबाती रायुडू ने 46 रनों का योगदान दिया था.