इंटरनेट डेस्क: आईपीएल के 24वें मुकाबले में चेन्नई के हाथों 5 विकेट से हार के बाद बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली को एक और बड़ा धटका लगा है। इस मुकाबले में हार के बाद विराट कोहली पर जुर्माना भी लग गया है। बुधवार को हुए इस मैच में धीमी ओवर गति के लिए टीम के कप्तान विराट कोहली पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस बार के आईपीएल में न्यूनतम ओवर गति का यह पहला मामला है इसलिए कोहली पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आइपीएल में बुधवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रनों की बारिश देखने को मिली। घरेलू टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर आठ विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाकर मैच पांच विकेट से जीत लिया।
आखिरी ओवर में सीएसके को जीत के लिए 16 रनों की जरूरत थी, जिसमें ड्वेन ब्रावो (नाबाद 14) ने एक चौका और एक छक्का लगाकर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया और फिर धौनी ने विजयी छक्का लगाकर सीएसके को जीत दिलाई।