स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 504 पदक जीते हैं और इसके साथ ही भारत राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सबसे ज्यादा पदक जीतने में 5वें स्थान पर आ गया है। भारत ने अब तक हुए सभी राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 181 स्वर्ण, 175 रजत और 148 कांस्य जीते हैं।
राष्ट्रमंडल खेल पहली बार 1930 में कनाडा के ओन्टारियो में हैमिल्टन में आयोजित किये गए थे और इसे 'ब्रिटिश साम्राज्य खेल' के नाम से बुलाया गया था। इसके बाद से ये खेल हर चार साल में आयोजित होने लगे। हालाँकि 1942 और 1946 में द्वितीय विश्व युद्ध के कारण इन्हें रद्द किया गया था।
फीफा विश्व कप-2018 में नहीं दिखेगा इंग्लैंड का एक भी रेफरी, जानिये वजह
भारत ने 1934 में लंदन में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे संस्करण में भाग लिया था। भारत ने उस संस्करण में केवल एक पदक जीता जहां रशीद अनवर ने फ्रीस्टाइल वेल्टरवेट वर्ग में कांस्य पदक जीता था।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 में नई दिल्ली में आयोजित खेलों में रहा था जहाँ उसने ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर रहते हुए कुछ 101 पदक जीते थे। भारत ने 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 कांस्य पदक जीते थे।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2002 में मेनचेस्टर में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में था जहाँ भारत ने 30 स्वर्ण, 22 रजत और 17 कांस्य पदक जीते थे।
इस वर्ष गोल्ड कोस्ट में भारत ने पदक तालिका में 26 स्वर्ण, 20 रजत और 20 कांस्य सहित कुल 66 पदकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया जो कि भारत का तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है।