स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के सबसे अमीर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वर्ष 2018 से 2023 तक के मीडिया अधिकार ई-नीलामी प्रक्रिया के जरिए 6138 करोड़ रुपये (94.4 करोड़ डॉलर) में बेच दिए हैं। यह बीसीसीआई के पिछले करार 3851 करोड़ से 59 फीसदी ज्यादा है। बीसीसीआई ने अभी तक उस कंपनी का नाम उजागर नहीं किया है लेकिन इस बीच बताया जा रहा है स्टार इंडिया ने यह बोली लगाई है।
मीडिया अधिकारों की होड़ में तीन कंपनियां स्टार इंडिया, रिलायंस और सोनी शामिल थीं। बीसीसीआई भारत के अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू मैचों के लिए पहली बार ई-नीलामी प्रक्रिया के तहत मीडिया अधिकार बेचे। वैश्विक समग्रित अधिकार (जीसीआर) के लिए पहले दिन सबसे ज्यादा बोली 4442 करोड़ रुपए पहुंची और उसके बाद दूसरे दिन 6032.50 करोड़ रुपए पहुंची।
यह सिलसिला 6138 करोड़ पर जाकर रूका। भारत में 15 अप्रैल 2018 से 31 मार्च 2023 तक बीसीसीआई द्बारा अंतर्राष्ट्रीय मैचों के वैश्विक टेलीविज़न और डिजिटल अधिकार शामिल हैं। क्रिकेट बोर्ड ने पिछले साल सितंबर में आईपीएल के टीवी और डिजीटल अधिकार 2018 से 2022 तक की अवधि के लिये 16347.5 करोड़ रुपए में स्टार इंडिया को बेचे थे
जबकि बोर्ड ने टीम इंडिया के मीडिया अधिकार 6138 करोड़ रुपए में बेचे हैं। भारतीय टीम के प्रति मैच की औसत कीमत लगभग 60 करोड़ रुपए आ रही है जो आईपीएल के प्रति मैच कीमत 54.5 करोड़ रूपये से भी अधिक है।