स्पोर्ट्स डेस्क। तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी नदी के जल को लेकर जारी विवाद के बीच अब चेन्नई में इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों के आय़ोजन पर भी काले बादल मंडराने लगे हैं। चेन्नई में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों का विरोध तेज होता जा रहा है। कावेरी मुद्दे पर आंदोलन करने वाले एक तमिल संगठन ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में मैच नहीं आयोजित होने देने की धमकी दी है।
कई सिने हस्तियां भी चाहती हैं कि मैच स्थगित किया जाए लेकिन आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स ( सीएसके ) के एक अधिकारी ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक मैच होंगे। अभिनेता रजनीकांत ने भी कहा था कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए चेन्नई और बेंगलुरु में आईपीएल मैचों का आयोजन सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक है।
कावेरी जल प्रबंधन बोर्ड (सीडब्ल्यूएमबी) के गठन की मांग को लेकर तमिलनाडु में पिछले एक हफ्ते से प्रदर्शन चल रहा है। तमिल समर्थक संगठन तमिझागा वाझवुरियामी काची (टीवीके) ने चेतावनी दी कि अगर मैच कराया जाता है तो वे यहां के एम ए चिदंबरम स्टेडियम का घेराव करेंगे। मंगलवार शाम आठ बजे से एमएस धोनी की कप्तानी वाले सीएसके और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच पहला मुकाबला होगा। बहरहाल, सीएसके के सीईओ के एस विश्वनाथन ने कहा कि टीम के मैच तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होंगे। एमए चिदंमबरम स्टेडियम चेन्नई सुपरकिंग्स का होम ग्राउंड है।