स्पोर्ट्स डेस्क। साल 1996 में भारत की अंडर-16 क्रिकेट वर्ल्डकप जिताने में अहम् भूमिका अदा करने वाले भुवन चंद हरबोला इस वक्त उत्तराखंड पुलिस में हेड कांस्टेबल की नौकरी कर रहे हैं। अपने खेल के मजबूत ऑल राउंडर रहे भुवन चंद का बुधवार को जन्मदिन था। इस दौरान बरेली के क्रिकेट खिलाडियों ने उनका जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से सेलिब्रेट किया।
वर्ष 1996 में इंग्लैंड में खेले गए अंडर-16 वर्ल्ड कप में भुवन चंद को उनके बेहतरीन ऑल राउंडर खेल की वजह से चुना गया था। इस वर्ल्ड कप में टीम की अगुवाई रतिंदर सिंह सोढ़ी कर रहे थे। भुवन चंद ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 23 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने फाइनल में 19 गेंदों पर 29 रन बनाए थे। इस वर्ल्डकप में भारतीय टीम ने खिताबी जीत हासिल की थी।
बता दे भुवन चंद इस वक्त उत्तर प्रदेश के लिए अंडर-19 और अंडर-22 क्रिकेट खेलते हैं। साल 2006 में उत्तराखंड पुलिस की नौकरी ज्वाइन करने वाले भुवन चंद के अलावा साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले जोगिंदर शर्मा भी पंजाब पुलिस में हैं। भुवन चंद का नाम आज भी बड़े खिलाडियों में शुमार किया जाता हैं।
जन्मदिन के मौके पर बुधवार को बरेली के सीनियर क्रिकेटर मनोज कोहली, अशोक तिवारी, सचित सक्सेना, सोहेल अली, रवि सविता, राहुल कपूर, मनीष सिंह महफूज खान आदि ने हरबोला का जन्मदिन मनाया। रवि ने बताया कि भुवन चंद हरबोला सहित बरेली के पुराने खिलाड़ियों के सम्मान की योजना बनाई जा रही है। यह वो खिलाड़ी हैं जो आज भी बरेली के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देते हैं।