स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 11 की शुरुआत होने में अभी 2 दिन बाकी है। इस बार आईपीएल 11 के पहले मैच में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग की टीम आमने सामने होगी। लेकिन इससे पहले सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में अच्छे प्रदर्शन के लिए कमर कस ली है। इस सत्र में किंग्स इलेवन पंजाब टीम में वापसी करने वाले युवराज सिंह ने इसका नजारा आज खेले गए अभ्यास मैच में नाबाद 125 रन की विस्फोटक पारी खेल कर दिखा दिया है। उन्होंने इस सत्र में विदेशी टीमों को चेताते हुए बुधवार को अभ्यास मैच में अपनी शतकीय पारी के दौरान 12 छक्के लगाए। युवराज सिंह ने यह पारी खेलकर बता दिया है कि अभी उनके बल्ले की चमक फीकी नहीं हुई है।
राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे युवराज को आईपीएल नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब ने दो करोड़ रुपए में खरीदा था। उन्होंने आईपीएल के 120 मैचों में 2587 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 141 छक्के लगाए हैं। वहीं उनके अन्तरराष्ट्रीय टी-20 करियर की बात की जाए तो वह 58 मैचों में 1177 रन बना चुके हैं। उन्हीं के नाम टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड हैं।
उन्होंने 2007 टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 12 गेंदों पर ही अर्धशतक लगा दिया था। इसी पारी में उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर लगातार छह छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया था। आईपीएल-11 सात अप्रैल को गत चैम्पियन मुंबई इंडियन और दो बार की चैम्पियन मुम्बई इंडियन के बीच होने वाले उद्घाटन मैच के साथ ही शुरू हो जाएगा। इस संस्करण में एक बार फिर से सभी की नजरें युवराज सिंह पर होंगी।