स्पोर्ट्स डेस्क। 2018 के आईपीएल में लगातार हार का सामना कर रही दिल्ली टीम के फैंस के लिए बुधवार को एक और बुरी खबर आई। टीम के कप्तान गौतम गंभीर ने टूर्नामेंट के बीच में ही टीम की कप्तानी छोड़ दी। टीम के लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गंभीर ने यह फैसला लिया। टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों के लिए अब टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे।
गौरतलब है कि काफी समय तक कोलकाता टीम की कप्तानी करने के बाद गौतम ने इसी साल अपनी घरेलु टीम में वापसी की थी। उन्होंने अपनी कप्तानी में कोलकाता को 2 बार आईपीएल चैम्पियन भी बनाया था। गौतम की कप्तानी में इस साल दिल्ली के टीम पॉइंट्स टेबल में आंठवे स्थान पर चल रही है। टीम ने अभी तक केवल एक मैच जीता है। दिल्ली को अपना अगला मैच शुक्रवार को घरेलू मैदान पर कोलकाता के खिलाफ ही खेलना है।
आईपीएल 11 में दिल्ली के निराशाजनक प्रदर्शन की की पूर्ण ज़िम्मेदारी लेते हुए गंभीर ने बुधवार को कहा कि "हम अभी जिस स्थिति में हैं, मैं उसकी पूरी तरह से ज़िम्मेदारी लेता हूं और इस स्थिति को देखते हुए मैंने कप्तान पद छोड़ने का फैसला किया है। अब टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर संभालेंगे। गंभीर ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि हमारे पास इस परिस्थिति को बदलने के लिए टीम है।"
गंभीर के अनुसार कप्तानी छोड़ने का पूरी तरह से उनका है और इसके लिए टीम प्रबंधन ने उनपर बिल्कुल भी दबाव नहीं डाला। यह कदम उठाने का यह बिलकुल सही समय था। गंभीर के लिए व्यक्तिगत रूप से भी यह टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा है। पंजाब के खिलाफ पहले मैच में 55 रन की पारी खेलने के बाद उन्होंने 4 मैचों में कुल 30 रन बनाये है।