स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने इस लीग को छोड़ने का मन बना लिया हैं। गंभीर काफी समय से अंतराष्ट्रीय क्रिकेट टीम से भी बाहर चल रहे हैं। दो बार कोलकाता नाईट राइडर्स को चैम्पियन बना चुके गौतम गंभीर इस बार आईपीएल में दिल्ली की टीम से खेलते नज़र आएंगे।
शाहरुख खान की टीम कोलकाता को दो बार आईपीएल का ख़िताब जिताने के बाद गंभीर इस सीजन में दिल्ली की टीम को चैम्पियन बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। लेकिन इस बार गंभीर ने आईपीएल छोड़ने का पूरा मन बना लिया हैं। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि, "आईपीएल का 11 वां सीजन उनके लिए आखिरी होगा और उनकी पूरी कोशिश होगी कि वो अपने घरेलू टीम को चैम्पियन बनाने के बाद ही इसे अलविदा कहें।
अब गंभीर के इस बयान के बाद उनके करोड़ों की तादाद में फैंस को झटका जरूर लगा होगा। आईपीएल को छोड़ने का खुलासा गंभीर ने आज गुरूवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही। गंभीर ने कहा कि, "मेरी पूरी कोशिश होगी कि जहां से मैंने आईपीएल शुरू किया था, वहीं से इसे खत्म करूं, लेकिन खिताबी जीत के साथ।" गंभीर ने दिल्ली की टीम की तारीफ करते हुए कहा कि ये टीम कोलकाता की टीम से कम नहीं हैं।
गंभीर ने अपनी नई टीम दिल्ली के लिए कहा कि, "'हमारी टीम के पास इस बार ऑस्ट्रेलिया के 2 बार विश्व कप दिलाने वाले पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के रूप में बेहद अनुभवी और आक्रामक कोच भी हैं। इससे टीम को जरूर फायदा होगा। टीम के सभी खिलाड़ी इस बार कुछ नया करने को तैयार हैं। गौरतलब हैं कि गंभीर ने आईपीएल में अपने खेल की शुरुआत दिल्ली टीम की ओर से ही की थी।
कोलकाता के बाद दिल्ली को चैंपियन बनाने के सवाल पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए गंभीर ने कहा कि, "कोई भी टीम खिताब तभी जीतती है जब टीम के सभी सदस्य अपना पूरा योगदान देते हैं। टीम को चैंपियन बनाने में कप्तान का योगदान कम, खिलाड़ियों का ज्यादा योगदान होता है। दिल्ली में भी कोलकाता की तरह ही अच्छे खिलाड़ी हैं, बस उन्हें सही समय पर सही प्रदर्शन करने की जरूरत है।"