स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें सीजन के आगाज में सिर्फ 1 दिन शेष बचे हैं। इस सीजन की शुरुआत 7 अप्रैल को वानखेडे स्टेडियम मुंबई में होगा। पहला मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। हर साल की तरह इस सीजन में भी कई रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे। आइए जानते हैं वो भारतीय चार खिलाड़ी कौन हैं जो अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख बदल सकते हैं।
विराट कोहली
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के विराट का बल्ला जब चलता है तो बड़े—बड़े गेंदबाज भी पानी मांगने लगते हैं। मालूम हो कि विराट इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने आईपीएल के एक सीजन में 4 शतक ठोंके हैं। टीम इंडिया के कप्तान ने यह कारनामा आईपीएल के नौवें सीजन में किया था।
एमएस धोनी
दो साल के प्रतिबंध को समाप्त कर रही चेन्नई सुपर किंग्स की कमान एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में है। बता दें कि धोनी ने 159 आईपीएल मैचों में 37.88 की औसत से 3561 रन बनाए हैं। जिसमें 17 अर्धशतक शामिल है।
रोहित शर्मा
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा क्रिकेट के छोटे फॉर्मेट टी20 के ज्यादा खतरनाक बल्लेबाज माने जाते हैं। गौरतलब हो कि रोहित आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। रोहित ने 159 मैच खेलकर एक शतक और 13 अर्धशतक की बदौलत 4207 रन बनाए। वहीं रोहित के नाम 172 छक्के भी दर्ज हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने तीन बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। वर्ष 2013, 2015 और 2017 में अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले रोहित इस बार फिर इतिहास दोहराने के इरादे से उतरेंगे।
जसप्रीत बुमराह
मैच बदलने का माद्दा रखने वालों में भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले स्थान पर हैं। बुमराह को डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट कहा जाता है। खासकर टी20 में जब आखिरी ओवर्स में बल्लेबाज ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करते हैं। तब मुंबई इंडियंस का यह गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों के रनों पर लगाम लगा कर मैच पलटने का काम करते हैं।