स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कॉस्ट में खेले जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन भारत की झोली में पूरे 5 मैडल आये। इसी के साथ भारत के अब तक कुल 17 पदक हो गए हैं। जिसमें 8 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन आज भारतीय खिलाडियों ने निशानेबाजी और भारोत्तोलन में पदक अपने नाम किये। निशानेबाजी में आज भारत ने 4 और भारोत्तोलन में 1 पदक हासिल किया। अब भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गया हैं।
पांचवे दिन का पहला पदक सिल्वर के रूप में मिला। पुरुषों के 105 किलोभार वर्ग में प्रदीप सिंह ने स्नैच में 152 का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 200 का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया। प्रदीप ने कुल 352 का स्कोर किया।
वही इसके बाद पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीतू राय ने गोल्ड और ओम मिथरवाल ने ब्रॉन्ज पर निशाना साधा। जीतू ने फाइनल में कुल 235.1 और मिथरवाल ने कुल 214.3 अंक हासिल किए। जीतू ने इस स्पर्धा में कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
पुरुषों के बाद महिला शूटर्स ने भी पदक झटके। 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मेहुली घोष को रजत और अपूर्वी चंदेला को कांस्य मिला। फाइनल में दोनों का स्कोर 247.2 था, लेकिन शूट ऑफ में मेहुली को 9.9 और मार्टिना को 10.3 अंक प्राप्त हुए। अपूर्वी ने कुल 225.3 अंक हासिल कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।