स्पोर्ट्स डेस्क। 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में 69 किग्रा भार वर्ग स्पर्धा में दीपक लाठेर ने ब्रांज मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। आपको जानकारी के लिए बता दें दीपक कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पदक जीतने वाले सबसे युवा भारोत्तोलक हैं।
दीपक कुल 295 किग्रा (136 किग्रा+159 किग्रा) का भार उठाकर तीसरे स्थान पर रहे। उनके करीबी प्रतिद्वंदी वैपावा लोअने अंतिम दो भार नहीं उठा सके जिससे उनका कुल भार 292 किग्रा ही रह गया। इस स्पर्धा का स्वर्ण वेल्स के गेरेथ ईवांस (299 किग्रा) और रजत श्रीलंका के इंदिका दिसानायके (297 किग्रा) ने अपने नाम किया।
कौन है दीपक?
दीपक लाठेर हरियाणा के शादीपुर गांव के रहने वाले हैं। दीपक मात्र 18 साल के है। दीपक का जन्म एक किसान परिवार में हुआ। उन्होंने सिर्फ 9 साल की उम्र में वेटलिफ्टिंग शुरू कर दी थी। उनके पिता बिजेंदर लाथेर ने उन्हें खेतों में हल जोतते और चारे का गठ्ठर उठाते हुए देखा और उन्हें तब अपने बेटे की ताकत का एहसास हुआ। साल 2008 में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टिट्यूट ने देशभर में ट्रायल का आयोजन किया, उसी दौरान दीपक लाथेर का चयन हुआ और दीपक पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टिट्यूट में ड्रावर पद पर नियुक्त हुए थे।