स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय कप्तान विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे और सातवें स्थान पर बरकरार हैं। विराट कोहली के 912 अंक हैं और वह शीर्ष पर चल रहे आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ से 17 अंक पीछे हैं। पुजारा के 810 अंक हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 803 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर हैं। रविंद्र जडेजा आलरउंडरों की सूची में दूसरे स्थान पर बरकरार हैं।
इस बीच न्यूजीलैंड ऑस्ट्रेलिया को पछाडक़र आईसीसी टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इससे न्यूजीलैंड को एक लाख डॉलर का फायदा भी होगा, क्योंकि तीन अप्रैल की कट ऑफ तारीख तक तीसरे स्थान पर रहने के लिए उसे आईसीसी से अब दो लाख डॉलर मिलेंगे। चौथे स्थान पर रहने से ऑस्ट्रेलिया को आधी राशि मिलेगी। दक्षिण अफ्रीका के ऐडम मार्करम हालांकि टेस्ट क्रिकेट में अपने पहले ही वर्ष में शानदार प्रदर्शन की बदौलत बल्लेबाजी रैंकिंग में नौवां स्थान हासिल कर लिया है।
न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच क्राइस्टचर्च में ड्रॉ हुए दूसरे टेस्ट के बाद यह रैंकिंग जारी की गई है। जोहानिसबर्ग में चौथे और अंतिम टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया पर दक्षिण अफ्रीका की 492 रन की जीत के दौरान मार्करम ने 152 और 37 रन की पारी खेली थी जिससे वह छह स्थान के फायदे से नौवें स्थान पर पहुंच गए है। उन्होंने पहली बार शीर्ष10 में जगह बनाई है। दक्षिण अफ्रीका ने शृंखला 3-1 से जीती।
गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को काफी फायदा हुआ है। मैच में 51 रन देकर नौ विकेट चटकाने वाले वर्नन फिलेंडर छह स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पहुंच गए हैं। कागिसो रबादा तीन रैंकिंग अंक और जोडक़र 902 अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।