इंटरनेट डेस्क: महेंद्र सिंह धोनी आज भी भारत के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शुमार हैं। शुक्रवार को पुणे में चेन्नै सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में धोनी का एक ऐसा ही फैन सामने आया। इस मैच के दौरान टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के लिए फैंस की दीवानगी खीब नज़र आई।
पुणे में चेन्नई और राजस्थान के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। चेन्नई की पारी के 12वें ओवर में सुरेश रैना के आउट होने के बाद एमएस धौनी मैदान पर बल्लेबाज़ी के लिए आ रहे थे। जब धौनी मैदान पर आ रहे थे तभी तभी एक शख्स उनकी तरफ दौड़ता हुआ आया और उसने धौनी के पास आकर उनके पैर पकड़ लिए। वो फैन मैदान पर आ रहे धौनी के पैरों में गिर गया।
पहले उसने धौनी के घुटने पकड़े और फिर जमीन पर बैठकर उनके पैर पकड़ लिए। फैन के ऐसा करने के बाद भी धौनी हमेशा की तरह कूल रहे और उन्होंने न ही अपने फैन को डांटा और न ही कुछ कहा। उन्होंने तो बस अपने इस फैन को पैर छूने से रोका और साइड हटे और मैदान पर आगे बढ़ गए।
इस मैच में शेन वॉटसन के शानदार शतक की बदौलत चेन्नै सुपर किंग्स ने अपने नए घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को 64 रनों से हरा दिया। कावेरी विवाद के चलते चेन्नै के मैच अब पुणे शिफ्ट कर दिए गए हैं।