इंटरनेट डेस्क: 2 साल बाद आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एक अहम बदलाव किया है। युवा अफगानी स्पिनर जहीर खान के चोटिल होने के बाद अब न्यूजीलैंड के अनुभवी स्पिनर ईश सोढ़ी इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे। अपने पहले मुकाबले में हार का स्वाद चखने वाली रहाणे एंड कंपनी को एक टीम में अनुभवी स्पिनर न होने से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था।
ईश सोढ़ी आईसीसी T-20 रैंकिंग में चौथे नंबर पर काबिज हैं। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने उनके बेस प्राइड 50 लाख रुपए पर ही खरीदा है। सोढ़ी का यह पहला आईपीएल सीजन होगा, इससे पहले उन्होंने किसी आईपीएल टीम के लिए नहीं खेला है।
ईश सोढ़ी ने टीम में जिस जहीर खान की जगह ली है वो उन चार अफगानी खिलाड़ियों में से थे जिन्हें इस साल आईपीएल में चुना गया था। भारतीय जमीन में खेले गए टी-20 विश्वकप के दौरान मार्च, 2016 को खेले गए मैच में सोढ़ी ने शानदार प्रदर्शन किया था।
अब राजस्थान को अगला मैच बुधवार को अपने होम ग्राउंड जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ खेलना है। बता दें कि दोनों ही टीमों को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था।