मुंबई
चेन्नई सुपर किंग्स को क्वालिफायर-1 जीतने के लिए 140 रनों का लक्ष्य मिला है. सनराइजर्स हैदराबाद निर्धारित 20 ओवरों में 139/7 रन ही बना पाई. चेन्नई ने इस मुकाबले में पहली ही गेंद से ऐसा दबाव बनाया कि सनराइजर्स उससे उबर नहीं पाए. अंतिम ओवरों में कार्लोस ब्रेथवेट ने 29 गेंदों में चार छक्के और एक चौके की मदद से नाबाद 43 रन बनाकर टीम को सहारा दिया.
चेन्नई की ओर से ड्वेन ब्रावो ने 2 विकेट निकाले. उनके अलावा दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, लुंगी नगिदी और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट चटकाने में सफलता पाई. आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार (7) रन आउट हुए. यूसुफ पठान (24) अपनी पारी को और ज्यादा आगे नहीं बढ़ा पाए. उन्हें 88 रनों के टीम स्कोर पर ड्वेन ब्रावो ने अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया. हैदराबाद को छठा झटका लगा.
मनीष पांडे (8) को रवींद्र जडेजा ने खूबसूरती से कॉट एंड बोल्ड किया. हैदराबाद ने 69 रनों पर अपना पांचवां विकेट खो दिया. शाकिब अल हसन (12) भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए. उन्हें ड्वेन ब्रावो ने लौटाया, विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर कैच लपका. हैदराबाद ने 50 रनों के योग पर अपना चौथा विकेट गंवाया.
तेजी दिखला रहे कप्तान केन विलियमसन (24) को शार्दुल ठाकुर ने अपना शिकार बनाया. विकेट के पीछे धोनी ने उनका बेशकीमती कैच पकड़ा. 36 रनों के स्कोर पर हैदराबाद को तीसरा झटका लगा.
इससे पहले 34 रनों पर श्रीवत्स गोस्वामी (12) को लुंगी नगिदी ने अपनी ही गेंद पर लपक लिया. सनराइजर्स का दूसरा विकेट गिरा. हैदराबाद की ओर से शिखर धवन और गोस्वामी ने पारी की शुरुआत की, लेकिन पहली ही गेंद पर झटका लगा. दीपर चाहर ने धवन को बोल्ड कर दिया.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीता और पहले सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी दी. चेन्नई ने अपनी टीम में एक बदलाव किया. सैम बिलिंग्स के स्थान पर शेन वॉटसन की टीम में वापसी हुई. उधर, हैदराबाद ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया .