पिछले कुछ समय में महिला क्रिकेट ने अपनी पहचान बनायी है. अब आईपीएल की तर्ज पर महिला क्रिकेट मैच के लिए मंच तैयार है. मंगलवार को ऐतिहासिक आईपीएल प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा. यह मैच चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले आईपीएल के क्वालिफायर के पहले होगा. वानखेड़े स्टेडियम में स्मृति मंधाना की कप्तानी में ट्रेलब्लेजर्स और हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में सुपरनोवा की टीमें प्रदर्शनी मुकाबले में आमने-सामने होंगी.
यह प्रदर्शनी मैच महिला क्रिकेट के लिए काफी अहम है. ऐसा माना जा रहा है कि यह मैच महिला टी -20 लीग की ओर एक कदम है. इसलिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी काफी खुश हैं और उन्होंने अपनी ख़ुशी साफ तौर पर जाहिर भी की है.
उत्साहित स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने ये कहा

स्मृति मंधाना ने कहा ”प्रदर्शनी मैच में खेलना हमारे लिए काफी रोमांचक होने वाला है. इस मौके लिए हम बीसीसीआई के शुक्रगुजार हैं. ये आईपीएल की ओर एक कदम होगा और उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करें ताकि दर्शक व बीसीसीआई से जुडे़ लोग महिला आईपीएल के बारे में सोच सकें. हर कोई इस मैच में शानदार प्रदर्शन कर विश्व में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना चाहता हैं. ये पहला मैच है जिसमें हम विदेशी खिलाड़ियों के साथ भारत में खेलेंगे. इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बन कर हम सभी रोमांचित हैं”
इसके साथ ही स्मृति ने कहा ”हमारे टूर्नामेंट मे आठ टीमें नहीं हो सकतीं. लेकिन चार-पांच टीमों के साथ आईपीएल को शुरू किया जा सकता हैं. जाहिर तौर पर आठ टीम के साथ अभी नहीं”

शानदार बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने इस मैच के बारे में कहा ”हम उत्साहित हैं. लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं कि आईपीएल की तरह किसी टूर्नामेंट में खेल सकें. खुशी है कि हमें कल ऐसा ही एक मौका मिलेगा और उम्मीद है कि यह अच्छा मैच होगा”
कल होने वाले मैच के लिए ये हैं टीमें
आईपीएल सुपरनोवा – हरमनप्रीत कौर (कप्तान), डेनियल व्याट, मिताली राज, मेग लैंनिंग, सोफी डेवाइन, एलिसे पेरी, वेदा कृष्णामूर्ति, मोना मेशराम, पूजा वस्त्राकार, मेगान शट, तानिया भाटिया, राजेश्वरी गायकवाड़, अनुजा पाटिल.
आईपीएल ट्रेलब्लेजर्स – स्मृति मंधाना (कप्तान), सूजी बेट्स, दीप्ति शर्मा, बेथ मूनी, एलिसा हीली, जेमिमा रॉड्रिग्स, डेनियेले हाजेल, शिखा पांडे, ली ताहुहू, एकता बिष्ट, पूनम यादव, झूलन गोस्वामी, दयालान हेमलता.
The post महिला टी-20 चैलेंज को लेकर स्मृति मंधाना ने भरी जीत की हुंकार, साथ में बीसीसीआई को लेकर कह दी यह बड़ी बात appeared first on SportzWiki Hindi.