Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

नेट्स पर लौटे कोहली ने किया हल्का अभ्यास

 मुंबई 
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान गर्दन में लगी चोट के बाद विराट कोहली नेट्स पर प्रैक्टिस करने लौट आए हैं। कोहली ने बुधवार को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स (बीकेसी) के नेट्स पर अभ्यास किया। इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान रहे कोहली को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में चोट लग गई थी।  
 
इस चोट की वजह से कोहली इंग्लिश काउंटी सरे के लिए भी नहीं खेल पाएंगे। कोहली इंग्लैंड दौरे से पहले तैयारी के रूप में सरे के लिए खेलना चाहते थे। कोहली बुधवार को भारतीय टीम के सहायक कोच संजय बांगड़ के साथ बीकेसी के इनडोर नेट्स पर पहुंचे। कोहली ने यहां कुछ घंटे अभ्यास किया। उम्मीद है कि वह अगले सप्ताह फिर ऐसा अभ्यास करने आएंगे। 

29 वर्षीय भारतीय कप्तान को 15 जून को बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट से गुजरना है। उम्मीद है कि कोहली अगले दो सप्ताह में पूरी तरह फिट हो जाएंगे। 14 जून से भारतीय टीम बेंगलुरु के ही एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारतीय टीम से जुड़े सूत्रों ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि कोहली कोहली टीम के साथ 23 जून को बाकी टीम के साथ आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैच खेलने के लिए रवाना होंगे और वह सभी मैचों के लिए उपलब्ध होंगे। 

भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में 27 और 29 जून को दो टी20 इंटरनैशनल मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड रवाना होगी जहां वह 3 जुलाई से तीन टी20 इंटरनैशनल मैचों की सीरीज खेलेगी। 12 जुलाई से दोनों टीमों के बीच एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 1 अगस्त से होगी। 

एक सूत्र ने बताया, 'कोहली ने इनडोर ट्रेनिंग में हल्के अभ्यास से शुरुआत की। दो-तीन दिनों में वह मैदान पर वापस होंगे और 15 जून के करीब वह बेंगलुरु में फिटनेस टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे।' 

कोहली की चोट के बीच आ रही तमाम खबरों के बीच बीसीसीआई के सूत्रों का कहना है कि कोहली ने सरे के लिए काउंटी न खेलने का फैसला इंग्लैंड दौरे से से पहले पूरी तरह से फिट होने के मकसद से किया है।