Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शेन वॉर्न की मौजूदगी से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा मिली : कुलदीप यादव

कोलकाता
कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने कहा है कि विरोधी डग आउट में शेन वॉर्न की मौजूदगी से उन्हें आईपीएल में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली। कुलदीप ने इस मैच से पहले 12 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे, लेकिन मंगलवार को उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए। केकेआर ने यह अहम मुकाबला 6 विकेट से जीता।

कुलदीप ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर वॉर्न के सामने अच्छा प्रदर्शन करना चाहते थे जो अब रॉयल्स के मेंटॉर हैं। उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘मैं हमेशा से उनका बड़ा प्रशंसक रहा हूं। वह मेरे आदर्श हैं। उनके सामने खेलने पर मुझे अलग तरह की प्रेरणा मिलती है। मैं उनके सामने अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था।’ सीमित ओवरों के प्रारूप में भारत के प्रमुख स्पिनर कुलदीप ने कहा कि वॉर्न ने आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा, ‘मैंने मैच के बाद उनसे बात की। मैंने इंग्लैंड दौरे के लिए तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल के बाद मैं उनसे इस बारे में फिर से बात करूंगा।’