नई दिल्ली
जीतने की खुशी मनाने के सभी खिलाड़ियों के अपने-अपने तरीके होते हैं, इनमें से कुछ हमें अजीब भी लग सकते हैं। जश्न मनाने का एक ऐसा ही तरीका स्नूकर चैंपियन मार्क विलियम्स ने अपनाया। सोमवार को अपने करियर की तीसरी वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप जीतने के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए अर्धनग्न होकर पहुंचे थे। मार्क को ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि उन्होंने वादा किया था कि अगर वह यह चैंपियनशिप जीते तो अर्धनग्न होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
सीनियर खिलाड़ी मार्क ने इससे पहले 2000 और 2003 में यह चैंपियनशिप जीती थी। इसबार उन्होंने जॉन हिगिन्स को 18-16 से हराकर मुकाबला जीता। 43 साल की उम्र में चैंपियन बनकर वह इसे जीतनेवाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 1978 में वेलशन रेय रीयरडॉन ने इसे जीता था।
मार्क इस जीत के बाद भावुक हो गए थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने अबतक के सफर के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि कई बार उनके मन में यह खेल छोड़ने का विचार आया था। मार्क ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अभी वह और खेलना चाहते हैं और अगर वह अगली बार भी जीते तो वह न्यूड होकर फिर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और कुछ स्टंट भी करके दिखाएंगे। मुकाबले के बाद जॉन हिगिन्स ने भी मार्क की तारीफ की थी।