ब्यूनस आयर्स
इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी और अर्जेंटीना के स्टार स्ट्राइकर सर्गियो एग्वेरो ने माना है कि पेप गार्डियोला के कोच बनने के बाद पहले कुछ महीने उनके लिए मुश्किल रहे। अर्जेंटीना के टीवी चैनल टी वाईसी स्पोर्ट्स ने एग्वेरो के हवाले से बताया, ‘पेप अपने खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं और पहले साल उनकी उम्मीदों पर खड़ा उतरना आसान नहीं रहा।’
एग्वेरो ने कहा, ‘एक स्ट्राइकर के रूप में मेरी भूमिका के अलावा वह मुझे टीम का पहला डिफेंडर बनाना चाहते थे। जब टीम में गैब्रियल जीसस आए तो उनके पास विकल्प बढ़ गए और मैंने कम खेलना शुरू कर दिया।’ सत्र के शुरू में जीसस ने टीम एग्वेरो की जगह ली लेकिन इस दौरान भी कड़ा अभ्यास करते रहे।
उन्होंने कहा, ‘मैंने प्रशिक्षण सत्र के दौरान कड़ी मेहनत की इसलिए जब गैब्रियल चोटिल हुए तो मैंने वापसी की और कई गोल दागे। इस सत्र पेप ने मुझसे कहा कि वह मेरे प्रदर्शन से खुश हैं और उनका गुस्सा काम आया क्योंकि इस सत्र में मेरा प्रदर्शन बेहतर रहा।’ एग्वेरो को वर्ल्ड कप के लिए अर्जेंटीना की टीम में भी शामिल किया गया है।