नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट में नहीं खेलेंगे। 14 जून से बेंगलुरु में होने वाले टेस्ट में खेलने के बजाय कोहली इंग्लैंड में सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेलेंगे। जुलाई में भारतीय क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा शुरू हो रहा है ऐसे में सरे के लिए खेलने से कोहली को फायदा होने की उम्मीद है।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज डेविड गावर ने कोहली के इस कदम की तारीफ की है। उन्होंने हमारे सहयोगी अखबार मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जून के महीने में सरे के लिए खेलने की कोहली की उत्सुकता दिखाती है कि टी20 फ्रैंचाइजी के दौर में भी वह टेस्ट क्रिकेट का कितना सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा, 'यह उनके लिए काफी अच्छी बात है। यह सरे के लिए भी फायदेमंद है। सरे की टीम कोहली को अपनी टीम में पाकर खुश होगी। वह बतौर खिलाड़ी कोहली से काफी कुछ सीख सकेंगे।' इंग्लैंड के लिए 117 टेस्ट और 114 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले बाएं हाथ के इस स्लाइलिश बल्लेबाज ने कहा, 'विराट इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं। हम जानते हैं कि 2014 में उनका दौरा निराशाजनक रहा था। तो मुझे लगता है कि इस बार उनके अजेंडा में यहां अच्छा करना शामिल है। वह साबित करना चाहते हैं कि वह दुनिया के अन्य स्थानों की तरह इंग्लैंड में भी रन बना सकते हैं।'
गावर ने कहा, 'कोहली अगस्त के महीने में इंग्लैंड में खेलेंगे। उन दिनों परिस्थितियां उनके लिए फायदेमंद होंगी। कप्तान होने के नाते वह टीम के लिए भी अच्छे नतीजों की अपेक्षा करेंगे।' गावर ने आगे कहा, 'निजी तौर पर मुझे यह देखकर अच्छा लग रहा है कि कोहली इस पूरे दौरे को स्वयं और टीम के लिए जीतने का सर्वश्रेष्ठ अवसर देना चाहते हैं। यहां आकर वह पूरी दुनिया को बता रहे हैं कि वह टेस्ट क्रिकेट का कतिना सम्मान करते हैं।'
भारतीय टीम ने पिछली बार 2014 में इंग्लैंड का दौरा किया था। इस दौरे पर भारत को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। पहले दो टेस्ट मैच के बाद भारतीय टीम 1-0 से आगे थी। कोहली का बल्ला भी इस दौरे पर खामोश ही रहा था। पांच मैचों की 10 पारियों में उन्होंने सिर्फ 134 रन बनाए थे। छह पारियों में तो वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए थे। कोहली को एक 'लाजवाब टैलंट' बताते हुए गावर ने उनके इस फैसले का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा, 'पिछले पांच वर्षों में जिन्होंने भी कोहली को खेलते हुए देखा है, वे जानते हैं कि वह कितने शानदार बल्लेबाज हैं। खेल के हर प्रारूप में उनके पास शानदार प्रतिभा है। हम सबके जीवन में कुछ खास लम्हें और कुछ कमजोरियां होती हैं। यह कोहली के लिए पिछले दौरे के निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करने का बड़ा अवसर है। '
गावर की टीम के साथी रहे बॉब विलिस ने कोहली को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले काउंटी क्रिकेट खेलने की इजाजत देने का विरोध किया था। उन्होंने इसे 'बकवास' करार दिया था। विलिस के बयान पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए माना कि कोहली को काउंटी क्रिकेट से फायदा तो जरूर होगा।