Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शापोवलाव से हारकर एडमंड मैड्रिड ओपन से बाहर

मैड्रिड
कनाडा के स्टार टेनिस खिलाड़ी डेनिस शापोवालोव ने शुक्रवार रात ब्रिटेन के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी काइल एडमंड को क्वॉर्टर फाइनल में हराकर मैड्रिड ओपन से बाहर कर दिया। वर्ल्ड रैंकिंग में 22वें पायदान पर मौजूद एडमंड ने अपने पिछले मैच में सर्बिया के नोवाक जोकोविक को मात दी थी।

एडमंड क्वॉर्टर फाइनल में अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और 19 वर्षीय शापोवालोव को हराने में कामयाब नहीं हो पाए। वर्ल्ड रैंकिंग में 43वें पायदान पर काबिज शापोवालोव ने पहले सेट में दमदार खेल दिखाते हुए 7-5 से जीत दर्ज की। दूसरा सेट टाई-ब्रेकर में गया जिसे एडमंड ने 8-6 से जीतते हुए सेट को 7-6 से अपने नाम किया।

शापोवालोव और एडमंड के बीच खेले गए इस मुकाबले के तीसरे और निर्णायक सेट को शापोवालोव ने 6-4 से अपने नाम किया और मुकाबले को 7-5, 6-7, 6-4 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल में शापोवालोव का मुकाबला जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा।