Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पंजाब को हराकर मुंबई ने कायम रखीं प्लेऑफ की उम्मीदें

मुंबई 
इंडियन प्रीमियर लीग 2018 के 50वें मैच में मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब को तीन रन से हरा दिया है। बुधवार को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में किंग्स इलेवन की टीम लोकेश राहुल के 94 रनों की दमदार पारी के बावजूद 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन ही बना पाई। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए। 

187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को केएल राहुल और क्रिस गेल ने मिलकर पारी को तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 3 ओवर में 37 रन जोड़े। गेल 18 रन बनाकर मैकलेनगन का शिकार बने। उन्होंने 11 गेंदों का सामना किया और दो चौके और एक छक्का लगाया। मेकलेनग की शॉर्ट बॉल को पुल करने के प्रयास में गेल चूक गए। इसके बाद एरॉन फिंच और केएल राहुल ने मिलकर पंजाब की पारी को आगे बढ़ाने का काम किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की। दोनों ने पंजाब की टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा। जब तक ये दोनों बल्लेबाज क्रीज पर थे तब तक पंजाब मजबूत नजर आ रही थी। लेकिन बुमराह ने फिंच को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 

फिंच ने 35 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए। जब वह आउट हुए तो स्कोर 16.1 ओवर में 145 रन था। ऐसे में अगली 23 गेंदों पर 42 रनों की जरूरत थी। मार्कस स्टॉयनिस भी एक रन बनाकर बुमराह का अगला शिकार बने। मैच अब मुश्किल हो रहा था। पंजाब, जिसकी जीत अब तक सुनिश्चित नजर आ रही थी. के लिए अब लक्ष्य अब उतना आसान नहीं था। मैच के 17वें ओवर में उन्होंने सिर्फ 5 रन दिए और दो विकेट लिए। बुमराह ने अपने अगले ओवर में लोकेश राहुल को 94 के निजी स्कोर पर आउट कर अपनी टीम को अहम कामयाबी दिलायी। राहुल ने 60 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के लगाए। बुमराह ने इस ओवर में भी सिर्फ 6 रन दिए। आखिरी ओवर में पंजाब को 17 रनों की जरूरत थी लेकिन मैकलेनगन ने 12 रन दिए और युवराज सिंह का विकेट लिया। अक्षर पटेल 10 रन बनाकर नाबाद रहे। 

इससे पहले मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन के सामने जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य रखा । किंग्स इलेवन के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कायरन पोलार्ड की फिफ्टी के दम पर मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए। मुंबई की ओर से कायरन पोलार्ड ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। किंग्स की ओर से ऐंड्रू टाय ने चार और अश्विन ने दो विकेट लिए। मुंबई की ओर से सूर्यकुमार यादव और एविन लुईस ने टीम को तेज शुरुआत दी। ट्राय ने पहले लुईस को 9 के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। मुंबई का स्कोर उस समय 3.1 ओवर में 37 रन था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव का साथ देने आए शानदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन। किशन और यादव के बीच दूसरे विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी हुई जिसमें से 20 रन किशन के बल्ले से निकले। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों का सामना किया और एक छक्का लगाया। 

किशन जब खतरनाक लग रहे थे तो ट्राय की एक नकल को हिट करने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। किशन गेंद की रफ्तार को भांपने में असफल रहे और गेंद हवा में बहुत ऊंची चली गई और स्टॉयनिस ने उनका आसान सा कैच पकड़ लिया। इससे अगली ही गेंद पर उन्होंने सूर्यकुमार यादव को आउट किया। गेंद यादव के बल्ले से लगकर पैड पर लगी और उछल गई और विकेट के पीछे लोकेश राहुल ने उनका आसान का कैच लपक लिया। इसके बाद मुंबई को अपने कप्तान रोहित शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह भी अपनी टीम के लिए कोई कारनामा नहीं कर सके। अंकित राजपूत की शॉर्ट बॉल को पुल करने के प्रयास में वह मिड विकेट पर युवराज सिंह को कैच थमा बैठे। रोहित अच्छी फॉर्म में नजर नहीं आ रहे थे। उन्होंने 10 गेंदों का सामना किया। 

71 रनों पर चार विकेट खोने के बाद मुंबई की टीम संकट में नजर आ रही थी। ऐसे में क्रुणाल पंड्या ने कायरन पोलार्ड के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभालने का काम किया। दोनों ने 6 ओवर में 75 रन जोड़कर मुंबई की टीम को दोबारा पटरी पर लाने का काम किया। पोलार्ड को इस मैच में शामिल किया गया और उन्होंने इसका पूरा फायदा भी उठाया। क्रुणाल पंड्या 23 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर स्टॉयनिस का शिकार बने। वहीं पोलार्ड जमे रहे। उन्होंने छक्के के साथ अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। उन्होंने 22 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों के साथ अपनी फिफ्टी पूरी की। वह 23 गेंदों पर 50 रन बनाकर रविचंद्रन अश्विन का शिकार बने। 

बेन कटिंग और हार्दिक पंड्या भी सस्ते में आउट हो गए। कटिंग चार रन बनाकर अश्विन का शिकार बने। हार्दिक पंड्या को 9 के निजी स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन के हाथों कैच आउट करा टाय ने इस सीजन में तीसरी बार पारी में चार विकेट लेने का कारनामा किया।