Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

फॉर्म में लौटी मुंबई इंडियंस, क्या कोलकाता नाइट राइडर्स ले पाएगी हार का बदला?

कोलकाता
दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली टीम कोलकाता नाइट राइडर्स बुधवार को खेले जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में मुंबई इंडियंस से अपनी हार का बदला लेने उतरेगी। अपने पिछले 3 मैचों में लगातार जीत हासिल कर खिताबी जीत की उम्मीद बरकरार रखने वाली रोहित शर्मा की मुंबई टीम का लक्ष्य एक बार फिर कोलकाता को हराना होगा।
 
मौजूदा विजेता मुंबई ने अपने पिछले तीन मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब, चेन्नै सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत हासिल हासिल 8 अंकों के साथ 5वां स्थान हासिल कर लिया है। वह चौथे स्थान पर काबिज कोलकाता से दो अंक दूर है। पिछले तीन दिनों में दूसरी बार कोलकाता का सामना मुंबई से होगा। इससे पहले कार्तिक की टीम को रोहित की मुंबई ने छह मई को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में 13 रनों से हराया था।

कोलकाता ने अब तक खेले गए 10 मैचों में से 5 में जीत हासिल की है और इतने ही मैचों में हार का सामना भी किया है, वहीं मुंबई ने भी 10 मैच खेले हैं और उसे चार में जीत मिली है। आईपीएल में अब तक कोलकाता 22 बार मुंबई का सामना कर चुकी है और ऐसे में मुंबई ने सबसे अधिक 17 मैच जीतते हुए बढ़त बना रखी है। अगर खिताबी जीत की उम्मीद बनाए रखनी है, तो दोनों टीमों को बुधवार का मैच हर हाल में जीतना होगा।

पंजाब के खिलाफ खेले गए मैच में रोहित और क्रुणाल पंड्या ने अहम भूमिका निभाते हुए मुंबई को जीत दिलाई थी। कोलकाता के खिलाफ हार्दिक पंड्या ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल दिखाया था। इस मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे सूर्यकुमार यादव ने 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेल मुंबई को अच्छी शुरुआत दी थी। वह इस सीजन में मुंबई के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 39.90 की औसत से 399 रन बनाए हैं। हालांकि, मध्यम क्रम में बल्लेबाजी करने आए कप्तान रोहित खास कमाल नहीं कर पाए। यहां हार्दिक ने टीम की बल्लेबाजी को संभाला।

अपने घर में मुंबई को हराने का इंतजार कर रही कोलकाता की टीम के युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी चोटिल हैं। ऐसे में बुधवार के मैच में उनका मैदान पर उतरना स्पष्ट नहीं है। ऐसे में आईपीएल में पदार्पण करने वाले पी. कृष्णा को इस मैच में मौका मिल सकता है। कोलकाता की गेंदबाजी वेस्ट इंडीज के गेंदबाज सुनील नरेन संभाल रहे हैं और इसमें चाइनामैन कुलदीप यादव और लेग स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये गेंदबाज मुंबई के लिए मजबूत स्कोर बनाने का लक्ष्य मुश्किल कर सकते हैं। अपने बल्ले के साथ कप्तान कार्तिक ने नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है। वह अन्य बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करते देखना चाहते हैं। इसमें नीतीश राणा और आंद्रे रसल के साथ-साथ युवा बल्लेबाज शुभम गिल और क्रिस लिन के नाम शामिल हैं।

यहां जानें कि आप कब और कहां मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच IPL-11 मैच को लाइव देख सकते हैं, जो कोलकाता के ईडन गार्डंस में होना है। आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पा सकते हैं। अमेरिका में मौजूद खेल प्रेमी willow.tv पर लॉग ऑन कर लाइव मैच देख सकते हैं।

खेल प्रशंसक मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल मैच की लाइव अपडेट्स और लाइव स्कोरकार्ड के लिए नवभारत टाइम्स पर क्लिक कर सकते हैं।

टीमें
कोलकाता नाइट राइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान), सुनील नरेन, आंद्रे रसल, क्रिस लिन, रोबिन उथप्पा, कुलदीप यादव, पीयूष चावला, नीतीश राणा, प्रसिद्धि कृष्णा, शिवम मावी, मिशेल जॉनसन, शुभम गिल, आर. विनय कुमार, रिंकु सिंह, कामेरोम डेलपोर्ट, जेवोन सियरलेस, अपूर्व वानखेड़े, ईशांक जग्गी और टॉम कुरेन

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, इविन लुइस, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कायरन पोलार्ड, मयंक मार्कंडेय, मिशेल मैकलेनगन, मुस्तफिजुर रहमान, जसप्रीत बुमराह, अकिला धनंजय, बेन कटिंग, जेपी ड्यूमिनी, राहुल चाहर, शरद लांबा, एडम मिलने, सिद्धेश लाड, मोहम्मद निधीश, मोहसीन खान, अनुकूल रॉय, प्रदीप सांगवान, तजिंदर सिंह, आदित्य तारे और सौरभ तिवारी।