नई दिल्ली
दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल सीजन 11 का 45वां मुकाबला दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने 3 ओवर में 2 विकेट गंवा कर 21 रन बना लिए हैं.
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और दिल्ली डेयरडेविल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. बेंगलुरु की टीम में एक बदलाव हुआ है, मनन वोहरा की जगह सरफराज खान को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है.
दिल्ली आठ टीमों की पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर है. बेंगलुरु कुल 10 मैचों में तीन जीत के साथ सातवें स्थान पर है. उसे अभी चार मैच खेलने हैं और अगर वह चारों में जीत हासिल कर लेती है, तो प्लेऑफ में जाने की उसकी संभावनाएं बन सकती हैं, लेकिन इसके लिए उसे अपने सभी मैचों में जीत के साथ दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा.
दिल्ली डेयरडेविल्स
दिल्ली को गुरुवार को अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा था, लेकिन दिल्ली के गेंदबाजों ने पंत की मेहनत पर पानी फेर दिया था.
बेंगलुरु के खिलाफ मैच में दिल्ली को जीत के लिए एक बार फिर पंत से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. पृथ्वी शॉ का बल्ला पिछले मैच में नहीं चला था, लेकिन वह बीते कुछ मैचों में लगातार रन कर रहे हैं. इन दोनों के अलावा दिल्ली के लिए किसी का बल्ला चला है तो वो हैं कप्तान श्रेयस अय्यर.
जेसन रॉय को पिछले मैच में मौका मिला था, लेकिन उनका बल्ला भी खामोश ही रहा. दिल्ली के लिए ग्लेन मैक्सवेल का न चलना निराशाजनक रहा है. दिल्ली के पास खोने को कुछ नहीं है. ऐसे में वह मनजोत कालरा, गुरकीरत मान सिंह, सायन घोष और जूनियर डाला को मौका दे सकती है.
गेंदबाजी में दिल्ली के पास ट्रेंट बोल्ट, अमित मिश्रा जैसे गेंदबाज हैं, लेकिन वे विफल ही रहे हैं. हर्षल पटेल को पिछले मैच में मौका मिला था, लेकिन शिखर धवन और केन विलियमसन की जोड़ी ने दिल्ली के हर गेंदबाज को बैकफुट पर ही रखा था.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी यह सीजन खराब ही रहा है. बेंगलुरु की टीम कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स पर निर्भर है. इन दोनों के अलावा टीम को क्विंटन डि कॉक और ब्रेंडन मैक्कुलम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह दोनों विफल रहे हैं.
मोइन अली को कोहली ने काफी देर से मौका दिया, लेकिन वो भी मौके को भुना नहीं पाए. कॉलिन डी ग्रांडहोम का प्रदर्शन औसत ही रहा है. गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर ने बेंगलुरु के लिए कमान संभाल रखी है, लेकिन तेज गेंदबाजों ने इन दोनों का साथ नहीं दिया. हालांकि उमेश यादव ने कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है. टिम साउदी विफल रहे हैं.
टीमें:
दिल्ली डेयरडेविल्स
पृथ्वी शॉ, जेसन रॉय, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), विजय शंकर, हर्षल पटेल, अभिषेक शर्मा, अमित मिश्रा, संदीप लामिछाने, जूनियर डाला, ट्रेंट बोल्ट.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, मनदीप सिंह, मोईन अली, सरफराज खान, कॉलिन डि ग्रैंडहोम, टिम साउदी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल.