दुनिया के आठवें नंबर के बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणॉय और दुनिया की 10वीं रैंकिंग प्राप्त साइना नेहवाल बीडब्ल्यूएफ थॉमस एवं उबेर कप टूर्नामेंट में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। थॉमस और उबेर कप का आयोजन थाईलैंड के बैंकॉक में 20 से 27 मई तक होगा।
थॉमस कप के लिए प्रणॉय के साथ दुनिया में 18वीं रैंकिंग प्राप्त बीसाई प्रणीत, युवा खिलाड़ी समीर वर्मा और जूनियर वर्ल्ड नंबर-4 खिलाड़ी लक्ष्य सेन टीम में शामिल हैं। ये सभी एकल वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। आॅस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में इस साल हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली साइना के अलावा वैष्णवी जाक्का रेड्डी, कृष्णा प्रिया, अरुणा प्रभु और वैष्णवी भाले उबेर कप में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
इसके अलावा, सुमित रेड्डी और मनु अत्री की जोड़ी थॉमस कप के पुरुष युगल वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेगी। इसमें उनके साथ श्लोक रामचंद्रन-एमआर अर्जुन की जोड़ी, संयम शुक्ला-अरुण जॉर्ज की जोड़ी भी हिस्सा लेगी। उबेर कप के महिला युगल वर्ग में जेमेघना, पूर्विशा राम, प्राजक्ता सावंत और संयोगिता घोरपड़े हिस्सा लेंगी।
थॉमस कप की टीमें
एकल वर्ग- एचएस प्रणॉय, बी साई प्रणीत, समीर वर्मा और लक्ष्य सेन।
युगल वर्ग: लोक रामचंद्रन-एमआर अर्जुन, संयम शुक्ला-अरुण जॉर्ज और मनु अत्री-बी सुमित रेड्डी।
उबेर कप की टीमें
एकल वर्ग- साइना नेहवाल, वैष्णवी जाक्का रेड्डी, कृष्णा प्रिया, अरुणा प्रभु और वैष्णवी भाले।
युगल वर्ग- जे मेघना-पूर्विशा राम, प्राजक्ता सावंत-संयोगिता घोरपड़े।