लीड्स (इंग्लैंड)
भारतीय टीम के स्टार टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा इन दिनों आईपीएल से दूर इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं. पुजारा ने रॉयल लंदन कप के मुकाबले में यॉर्कशर की तरफ से खेलते हुए शानदार शतक जड़ा है.
वर्सेस्टरशर के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए चेतेश्वर पुजारा ने 94 गेंदों का सामना कर 101 रनों की पारी खेली. पुजारा की इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया, लेकिन उनकी इस पारी के बावजूद यॉर्कशर को 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
हेडिंग्ले में खेले गए इस मुकाबले में यॉर्कशर के गेंदबाजों ने रिकॉर्ड रन लुटाए. पहले बल्लेबाजी करने उतरी वर्सेस्टरशर ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 350 रन बनाए जो इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर है.
351 के रिकॉर्ड लक्ष्य को हासिल करने उतरी यॉर्कशर की शुरुआत शानदार रही और पहले विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई. 11.3 ओवर में पुजारा बल्लेबाजी करने उतरे. पुजारा ने आते ही अच्छे शॉट्स खेले और दूसरे विकेट के लिए टॉम कौडमोर (89 रन) के साथ 101 रनों की साझेदारी की.
30 ओवर में यॉर्कशर ने 173 रन बना लिए थे. लेकिन इसके बाद टीम ने अपने तीन विकेट जल्द खो दिए. यॉर्कशर की टीम 9 विकेट पर 346 रन ही बनाई पाई और 4 रनों से हार गई.
चेतेश्वर पुजारा को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया था, जिसका बखूबी फायदा उठाते हुए उन्होंने शतक जड़ा. चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे हैं. जहां टीम इंडिया को अगस्त में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है.
भारत के लिए चेतेश्वर पुजारा ने 57 टेस्ट में 50.52 के औसत से 4496 रन बनाए हैं. उनके खाते में 17 अर्धशतक, 14 शतक और 3 दोहरे शतक हैं. पुजारा का टेस्ट क्रिकेट में टॉप स्कोर 206 रन है.