शंघाई
चीन की ल्यू हुइहुइ ने आईएएएफ डायमंड लीग के भाला फेंक स्पर्धा में भारी बारिश के बीच अपना ही मीट रेकॉर्ड तोड़ते हुए खिताब जीत लिया। एक रिपोर्ट के अनुसार, हुइहुइ ने पहले राउंड में 64.39 मीटर की दूरी तय की। उन्होंने फिर इसके बाद अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए तीसरे राउंड में 66.85 मीटर और 66.26 मीटर की दूरी के साथ खिताब जीता।
हुइहुइ का इससे पहले 2015 में 64.08 मीटर का रेकॉर्ड था। चीनी ऐथलीट का इस सीजन में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हालांकि वह अपने एशियाई रेकॉर्ड को नहीं तोड़ सकीं। हुइहुइ ने पिछले साल लंदन में हुए विश्व चैंपियनशिप में 67.59 की दूरी के साथ सिल्वर मेडल जीता था। पोलैंड की मेर्सिलोना वितेक ने 64.49 मीटर के साथ दूसरा और तुर्की की एडा तुगसज ने 63.0 के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
इस बीच वर्ल्ड चैंपियन चीन की गोंग लिजियाओ ने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 19.99 मीटर की दूरी के साथ गोला फेंक स्पर्धा का खिताब जीता। जमैका की डेनियल थोमस डॉड ने 18.70 मीटर के साथ सिल्वर और अमेरिका की रावेन सांदर्स ने 18.63 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। गत चैंपियन अनीता 8वें और चार बार की वर्ल्ड चैंपियन न्यूजीलैंड की वेलेरी एडम्स 8वें स्थान पर रहीं।