स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट FIFA वर्ल्ड कप शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए है। प्रत्येक चार वर्षों में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट इस वर्ष रूस में आयोजित किया जाएगा। 14 जून को टूर्नामेंट की शुरुआत के साथ पूरी दुनिया की नजर इस खेल पर रहेगी। हर बार की तरह टूर्नामेंट से नए खिलाडियों के करियर की शुरुआत होगी और कुछ खिलाडियों के लिए ये वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। आइये जानते है किन खिलाडियों के लिए ये वर्ल्ड कप आखिरी हो सकता है -
सेर्गियो रामोस - सेर्गियो रामोस स्पेन और रियल मेड्रिड क्लब फुटबॉल टीम के कप्तान है। रामोस को वर्तमान में सबसे अच्छा डिफेंडर माना जाता है। रामोस स्पेन के लिए 3 वर्ल्ड कप खेल चुके है और 2010 की वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा रामोस 2008 और 2012 की यूरो कप विजयी टीम में भी शामिल थे। रामोस स्पेन के लिए खेले गए 151 मैचों में 13 गोल दाग चुके है। इस 32 वर्षीय खिलाड़ी के लिए इस वर्ष का वर्ल्ड कप आखिरी हो सकता है।
थिएगो सिल्वा - 2002 में FIFA वर्ल्ड कप जीतने के बाद 5 बार की चैंपियन टीम ब्राज़ील ने अपनी मेजबानी में पिछले वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन सेमीफाइनल में जर्मनी से हारकर बाहर हो गई थी। हालाँकि थिएगो सिल्वा उस टीम का हिस्सा नहीं थे। डेनी अल्वेस अरु डेविड लुइज़ के टीम से बाहर होने के बाद सिल्वा की टीम के डिफेन्स में भूमिका बढ़ गई है। सिल्वा पिछली वर्ल्ड टीम में शामिल उन 6 खिलाडियों में शामिल है जिनका इस बार भी वर्ल्ड कप के लिए चयन किया गया है। 33 वर्षीय सिल्वा ब्राज़ील के लिए 68 मैच खेल चुके है और इस साल वर्ल्ड कप में आखिरी बार नजर आ सकते है।
लुका मोड्रिक - मोड्रिक क्रोएशिया के लिए 2006 और 2014 FIFA वर्ल्ड कप में खेल चुके है लेकिन अपनी टीम को एक भी बार सेमीफाइनल में नहीं ले जा सके है। 32 वर्षीय मोड्रिक ने क्रोएशिया के 104 मैच खेलते हुए 8 गोल किये है। इस साल क्रोएशिया को ग्रुप स्टेज में अर्जेंटीना, आइसलैंड और नाइजीरिया के साथ कठिन ग्रुप में रखा गया है। संभावना है कि यह मोड्रिक का आखिरी वर्ल्ड कप होगा।
गोंजालो हिगुएन - रियल मेड्रिड का यह पूर्व खिलाड़ी इस सीजन में जुवेंटस के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है लेकिन कई बार अर्जेंटीना फैंस के गुस्से का सामना कर चुका है। हिगुएन अर्जेंटीना के लिए 70 मैचों में 31 गोल कर चुके है। संपाओली के चयन के बाद टीम में उनका स्थान खतरे में रहेगा। अगर टीम में उनका चयन होता है तो उन्हें हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
पेपे - यूरोपियन चैंपियन बनने के बाद पुर्तगाल अब FIFA वर्ल्ड कप जीतने के लिए तैयार नजर आ रही है। इस टीम का डिफेन्स काफी हद तक पेपे पर निर्भर रहा है क्योंकि रियल मेड्रिड का यह पूर्व खिलाड़ी टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक है। पेपे फ्रांस के खिलाफ यूरो कप के फाइनल में 'मैन ऑफ़ द मैच' का ख़िताब भी जीत चुके है। 35 वर्षीय यह खिलाड़ी पुर्तगाल के लिए 91 मैच खेल चुका है और उनके लिए भी अगला FIFA वर्ल्ड कप आखिरी हो सकता है।
Herald