नई दिल्ली
बॉल टैंपरिंग स्कैंडल में एक साल के लिए बैन किए जा चुके ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर के लिए आईसीसी ने एक राहत की खबर सुनाई है। आईसीसी ने बैन झेल रहे स्मिथ और वॉर्नर को ऑस्ट्रेलिया में 'ग्रेड क्रिकेट' यानि घरेलू क्रिकेट खेलने की अनुमति दे दी है। वहीं बॉल टैंपरिंग विवाद में 10 महीने के लिए बैन किए गए कैमरून बैनक्रॉफ्ट को लेकर फिलहाल कोई फैसला नहीं हो सका है।
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीदी दौरे में केप टाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के तीनों खिलाड़ियों को बॉल से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया था। इसके चलते मार्च में तीनों पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट खेलने से बैन लग गया था। लेकिन अब आईसीसी ने स्मिथ और वॉर्नर को ऑस्ट्रेलिया में ग्रेड क्रिकेट खेलने की आजादी दे दी है। वहीं cricket.com.au वेबसाइट के मुताबिक 14 मई को ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख क्रिकेट क्लबों के बीच मीटिंग के बाद तय हो पाएगा कि बैनक्रॉफ्ट को अनुमति मिलती है या नहीं।
आपको बता दें कि स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के 'सुदरलैंड' के लिए खेलते हैं। वहीं डेविड वॉर्नर 'रैंडविक-पैटरशैम' की तरफ से खेलते हैं। गौरतलब है कि आईसीसी द्वारा सजा दिए जाने के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर आईपीएल द्वारा अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी से भी हट गए थे। राजस्थान और हैदराबाद की टीमों ने दोनों के कॉन्ट्रैक्ट कैंसल कर दिए थे।
गौरतलब है कि इससे पहले डेविड वॉर्नर और कैमरन बेनक्रॉफ्ट के जुलाई में एक स्थानीय लीग से क्रिकेट में वापसी करने को लेकर चर्चाएं हो रही थीं। वॉर्नर और बेनक्रॉफ्ट ऑस्ट्रेलिया की नॉर्दर्न टेरिटरी की सीमित ओवरों की ‘स्ट्राइक लीग’ में खेलने पर विचार कर रहे हैं।