स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 11वें संस्करण में प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत मंगलवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच होने वाले मैच से होगी। दोनों ही टीमों में अपने लीग अभियान की समाप्ति 18 अंकों के साथ की थी। हालाँकि रनरेट की बढ़त के साथ सनराइज़र्स की टीम चेन्नई से ऊपर थी।
गौरतलब है कि चेन्नई की टीम ने इस साल टूर्नामेंट से 2 साल के बैन के बाद वापसी की थी और वापसी के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने से कुछ कदम दूर है। दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट से अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। हालाँकि अपने पिछले मैच में हैदराबाद को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था वहीं चेन्नई ने अपने पिछले मुकाबले में पंजाब किंग्स इलेवन को 5 विकेट से हराया था।
अगर दोनों ही टीमों के खिलाडियों की बात करें तो हैदराबाद टीम के कप्तान केन विलियम्सन 14 मैचों में 661 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ से दूसरे नंबर पर चल रहे है वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के अम्बाती रायडू इतने ही मैचों में 586 बनाकर चौथे नंबर पर है। इस दौड़ में पहले नंबर पर स्थित ऋषभ पंत और तीसरे नंबर पर स्थित केएल राहुल पहले ही बाहर हो चुके है। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान धोनी और ओपनर शेन वाटसन भी 400 से ज्यादा रन बना चुके है।
अगर गेंदबाजी की बात की जाए तो हैदराबाद टीम के सिद्दार्थ कौल और राशिद खान क्रमश: 17 और 16 विकेट लेकर पर्पल कैप की दौड़ में छठे और सांतवे स्थान पर है जबकि इस लिस्ट के पहले पांच गेंदबाज टूर्नामेंट से बाहर हो चुके है। चेन्नई की टीम में अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज लुंगी एनगिड़ी के नाम से गेंदबाजी मजबूत हुई है वहीँ टीम के अन्य गेंदबाज शार्दुल ठाकुर, चाहर और ब्रावो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है।
बता दें कि इस मैच से पहले महिलाओं का एकमात्र टी-20 आईपीएल मैच खेला जाएगा जिसमें कई शीर्ष भारतीय और विदेशी महिला खिलाड़ी भाग लेने वाले है। यह मैच दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।
संभावित टीम -
चेन्नई सुपरकिंग्स - महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, फाफ डु प्लेसिस, हरभजन सिंह, ड्वेन ब्रावो, शेन वाटसन, अंबाती रायडू, दीपक चहर, लुंगी एनगिड़ी, सैम बिलिंग्स, मार्क वुड, कर्ण शर्मा, शार्दुल ठाकुर, डेविड विली।
सनराइज़र्स हैदराबाद - केन विलियमसन (कप्तान), शिखर धवन, मनीष पांडे, भुवनेश्वर कुमार, रिद्धिमान साहा/श्रीवत्स गोस्वामी (विकेटकीपर), सिद्धार्थ कौल, दीपक हुड्डा, संदीप शर्मा, यूसुफ पठान, बासिल थम्पी, एलेक्स हेल्स, कार्लोस ब्रैथवाइट, रशीद खान, शाकिब अल हसन और मोहम्मद नबी।
Herald