Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चेन्नई-हैदराबाद में IPL-2018 की ‘खिताबी जंग’

मुंबई
जबरदस्त क्रिकेट, ढेर सारे रोमांच, मौज मस्ती और नये अनजान चेहरों को स्टार बना देने वाले इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) टी 20 टूर्नामेंट का 11वां सत्र रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स में से किसी एक को चैंपियन बनाने के साथ संपन्न हो जाएगा। लगभग दो महीने तक चली दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू टी-20 लीग में उतार चढ़ाव के दौर से गुजरने के बाद महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन की कप्तानी वाली हैदराबाद फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही हैं। हैदराबाद ने शुक्रवार को दूसरे क्वालिफायर में दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को सांस रोक देने वाले मुकाबले में 14 रन से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।

दिलचस्प बात है कि दोनों टीमें पहले क्वालिफायर से फाइनल तक के छह दिनों के सफर में दूसरी बार भिडऩे जा रही हैं लेकिन इस बार उनके बीच मुद्दा खिताब का है। आईपीएल के ग्रुप चरण में शीर्ष पर रही हैदराबाद और दूसरे नंबर पर रही चेन्नई के बीच इस वर्ष सफर बेहद रोमांचक भी रहा है जहां दोनों ने ही एक दूसरे को सबसे अधिक चुनौती दी है। चेन्नई ने 13 मई को पुणे में हैदराबाद को ग्रुप मैच में आठ विकेट से हराते हुये प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी, तो पहले क्वालिफायर में भी दोनों के बीच ही मुकाबला हुआ और इस बार फिर माही की टीम ने बाजी मारी और वानखेड़े में हुये मैच में दो विकेट से जीत दर्ज कर सीधे फाइनल में पहुंच गई। दोनों के बीच यह लगातार तीसरा जबकि मुंबई के वानेखड़े मैदान में लगातार दूसरा मैच है, हालांकि इस बार फैसला आईपीएल-2018 के चैंपियन का होना है।  

चाैथी बार होगा आमना-सामना
खिताबी मुकाबला आईपीएल-2018 की दो शीर्ष और अनुभवी टीमों के बीच निश्चित ही चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है लेकिन यह भी सच है कि हैदराबाद की टीम अपने कमाल के प्रदर्शन के बावजूद मौजूदा संस्करण में धोनी की चेन्नई के चक्रव्यूह को तोड़ नहीं पायी। दोनों टीमें फाइनल में इस संस्करण में चौथी बार एक दूसरे का सामना करने उतरेंगी जबकि पिछले तीन मैचों में चेन्नई ने हैदराबाद को चार रन से, पुणे में आठ विकेट से और मुंबई में दो विकेट से हराया है। हैदराबाद के लिए वानखेड़े में चेन्नई से पिछला सारा हिसाब चुकता करने का मौका तो होगा लेकिन पिछले रिकार्ड का मनोवैज्ञानिक दबाव भी रहेगा। 

खिताब की हैट्रिक लगाने पर चेन्नई की नजर
पहले क्वालिफायर मैच में चेन्नई ने इसी मैदान पर 140 रन के लक्ष्य का पीछा मुश्किल से किया लेकिन बल्लेबाज फाफ डू प्लेसिस ने नाबाद 67 रन की पारी से मैच ही पलट दिया।  हालांकि दूसरे क्वालिफायर में अविश्वसनीय खेल दिखाने वाली हैदराबाद का भी अपनी जीत से भरोसा लौटा है और अंत में जीतने वाले को ही विजेता माना जाता है, ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि वह अपने सुपर स्टार राशिद खान, कप्तान विलियमसन, शिखर धवन, कार्लाेस ब्रेथवेट, शाकिब अल हसन, सिद्धार्थ कौल, भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़यिों के दम पर चेन्नई को आखिरी दांव में मात दे दे। वर्ष 2010 और 2011 की चैंपियन चेन्नई जहां दो वर्ष के निलंबन के बाद कड़वी यादों को भुलाते हुये खिताबी हैट्रिक का सपना देख रही है तो हैदराबाद वर्ष 2016 की चैंपियन है और दूसरी बार खिताब कब्जाने के लिए खेल रही है।