Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL 2018: चेन्नै सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद फाइनल को लेकर हुआ कंफ्यूजन

मुंबई 

इंडियन प्रीमियर लीग 2018 में चेन्नै सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में टॉस को लेकर एक कंफ्यूजन भरा माहौल सा देखने को मिला। मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले जा रहे इस महत्वपूर्ण फाइनल में मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने सिक्का उछाला और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने टेल्स कॉल किया। सिक्का हेड पर गिरा। इसके बाद यह कंफ्यूजन हो गई कि आखिर टॉस किसने जीता है? कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर को इस बात को लेकर दुविधा थी आखिर हुआ क्या है। 

हुआ क्या था 
मांजरेकर: 'आपने हेड कॉल किया था' 
धोनी: 'नहीं, इन्होंने (विलियमसन) ने टेल्स कॉल किया था' 
मांजरेकर: 'हां, तो आपने हेड कॉल किया था ना' 
धोनी: 'नहीं, विलियमसन ने टेल कॉल किया था।' 

इस माहौल में भी धोनी ने बहुत शांति से जवाब दिया। टॉस पर इस कंफ्यूजन में धोनी ने संयम नहीं खोया। संजय मांजरेकर को यह अहसास ही नहीं हुआ कि सिक्का धोनी ने उछाला था और ऐसे में वह टॉस के लिए कॉल नहीं कर सकते थे। 

इस मैच में टॉस जीतने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। हरभजन सिंह के स्थान पर लेग स्पिनर कर्ण शर्मा को शामिल किया गया है वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने ऋद्धिमान साहा के चोटिल होने पर श्रीवत्स गोस्वामी को बतौर विकेटकीपर शामिल किया है और खलील अहमद के स्थान पर संदीप शर्मा को टीम में जगह मिली है।