स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2018 का फाइनल मैच रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच खेला गया जिसमें चेन्नई की टीम ने ओपनर शेन वाटसन के शतक की मदद से हैदराबाद को आसानी से हराते हुए तीसरी बार ख़िताब अपने नाम किया और इसी के साथ चेन्नई टीम के कप्तान एमएस धोनी आईपीएल ख़िताब जीतने वाले कप्तानों की लिस्ट में रोहित शर्मा के बराबर आ गए है।
धोनी इस से पहले 2010 और 2011 में भी अपनी कप्तानी में चेन्नईसुपरकिंग्स को ट्रॉफी जीता चुके है जबकि रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस तीन बार (2013, 2015 और 2017) में ख़िताब जीत चुकी है।
दो साल बाद टूर्नामेंट से वापसी कर रही चेन्नई की टीम के लिए फाइनल मुकाबले में धोनी ने टॉस जीतकर सनराइज़र्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाये। हैदराबाद के लिए कप्तान केन विलियम्सन ने 47 और युसूफ पठान ने 45 रन का योगदान दिया। चेन्नई के लिए एनगिडी, ठाकुर, कर्ण शर्मा, ब्रावो और जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम ने फाफ डु प्लेसिस के रूप में अपना पहला विकेट मात्र 16 रन पर गँवा दिया लेकिन शेन वाटसन और सुरेश रैना ने 117 रन की साझेदारी करते हुए टीम को लक्ष्य के बहुत करीब ला दिया। सुरेश रैना ने 24 गेंदों पर 32 रन बनाये। इसके बाद अम्बाती रायडू और वाटसन ने बिना कोई विकेट गंवाए 19वें ओवर में ही टीम को जीत दिला दी।
वाटसन ने इस आईपीएल में अपना दूसरा शतक लगाया और इस मैच में शतकीय पारी में मात्र 57 गेंदों पर 117 रन की शानदार पारी खेली जिसमें 11 चौके और 8 छक्के शामिल है।इसी के साथ वाटसन आईपीएल के फाइनल मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले पहले खिलाडी बन गए।
Herald