स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2018 का एकमात्र एलिमिनेटर मैच बुधवार 23 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और पहली आईपीएल विजेता राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जायेगा। चूँकि इस मैच में हारने वाली टीम फाइनल की दौड़ से बाहर हो जायेगी इसलिए दोनों ही टीमें इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। इन दोनों टीमों के बीच इडेन गार्डन्स पर अभी तक कुल छह मैच हुए है जिसमें से राजस्थान रॉयल्स की टीम केवल एक मैच जीतने में सफल हुई है।
बता दें कि कोलकाता इस से पहले रॉयल्स को दोनों लीग मैचों में हरा चुकी है जिस वजह से इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी माना जा रहा है लेकिन राजस्थान ने अपने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मात देकर प्लेऑफ में जगह बनाई है इसलिए कोलकाता की टीम रॉयल्स को कम आंकने की गलती नहीं कर सकती है। जहाँ राजस्थान ने अपने पिछले मैच में घरेलू मैदान पर आरसीबी को हराया था वहीं कोलकाता ने भी अपने पिछले मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद को मात दी थी।
इस से पहले मंगलवार को खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने सनराइज़र्स हैदराबाद को 2 विकेट से मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। हालाँकि इस मैच को हारने के बाद भी हैदराबाद के पास फाइनल में जाने का एक और मौका है।
आज खेले जाने वाले एलिमिनेटर में जो भी टीम जीती, दूसरे क्वालीफायर में उसका मुकाबला शुक्रवार को हैदराबाद की टीम से होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में चेन्नई से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल रविवार को खेला जाएगा।
संभावित टीम -
कोलकाता नाइट राइडर्स - क्रिस लिन, सुनील नारायण, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश राणा, आंद्रे रसेल,शुभम गिल, जावेवन सरल्स, पीयुष चावला, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।
राजस्थान रॉयल्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, हेनरिक क्लासेन (विकेट), कृष्णप्पा गौतम, जोफरा आर्चर, श्रेयस गोपाल, स्टुअर्ट बिन्नी, ईश सोढ़ी, जयदेव उनादकत, बेन लॉफलिन।
Herald