स्पोर्ट्स डेस्क। मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर 12 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया। गौरतलब है कि राजस्थान ने इस मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए मुंबई टीम के प्लेऑफ में पहुँचने की उम्मीदों को करारा झटका दिया।
इस मैच में राजस्थान टीम के ओपनर जोस बटलर ने इस साल आईपीएल में लगातार अपना पांचवा अर्धशतक लगाते हुए नाबाद 94 रन बनाये और टीम को जीत दर्ज करने में अहम भूमिका निभाई। बटलर सहवाग के बाद आईपीएल में लगातार पांच अर्धशतक लगाने वाले दूसरे खिलाडी बन गए है।
आईपीएल द्वारा जारी की गई एक रिलीज़ के अनुसार "राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर 13 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवरगति बनाए रखने के बाद जुर्माना लगाया गया। चूंकि इस साल आईपीएल के आचरण संहिता के तहत धीमी ओवरगति का यह उनकी टीम का पहला दोष था इसलिए रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।"
अब राजस्थान रॉयल्स का अगला मैच मंगलवार को कोलकता नाईटराइडर्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान ईडन गार्डन पर होगा। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच बहुत महत्वपूर्ण है। जो टीम यह मैच जीतेगी उनके प्लेऑफ में पहुँचने की सम्भावना बढ़ जायेगी। राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में अभी पांचवे स्थान पर है जबकि कोलकाता की टीम चौथे स्थान पर है।
Herald