नई दिल्ली
भारत के टैस्ट विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के लिए आईपीएल-11 बिल्कुल अच्छा नहीं रहा। साहा से इस साल काफी उम्मीदें थीं क्योंकि उन्होंने आईपीएल से कुछ दिन पहले ही एक क्लब स्तरीय मैच में केवल 20 गेंद में शतक बना दिया था। लेकिन जब आईपीएल आया, साहा अपने प्रदर्शन से किसी को भी प्रभावित नहीं कर सके। अब साहा के लिए 14 जून को बेंगलुरू में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टैस्ट में खेलना भी संदिग्ध हो गया है। दरअसल साहा के दाएं हाथ का अंगूठा चोटिल हो गया है। साहा को 25 मई को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल क्वालीफायर-दो में चोट लग गई थी।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा- चोट प्रबंधन में भविष्य की योजना को निश्चित करने के लिए एक विशेषज्ञ साहा की चोट को देखेगा और बीसीसीआई चिकित्सीय टीम उनकी प्रगति पर नजर रखेगी। साहा अगर पूरी तरफ फिट नहीं होते हैं तो पार्थिव पटेल या दिनेश कार्तिक अफगानिस्तान के शुरूआती टैस्ट में उनकी जगह ले सकते हैं।