Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

डिविलियर्स-मोईन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, RCB 13 ओवर में 130/2

बेंगलुरु
सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल सीजन 11 का 51वां मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 12.5 ओवर में 2 विकेट गंवा कर 129 रन बना लिए हैं. मोईन अली (51 रन) और एबी डिविलियर्स (64 रन) क्रीज पर हैं.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ओवर में ही पार्थिव पटेल के रूप में टीम को पहला झटका लग गया. जब संदीप शर्मा ने उन्हें सिद्धार्थ कौल के हाथों कैच आउट करा दिया. पार्थिव पटेल 1 रन बना कर आउट हुए.

पांचवें ओवर में बेंगलुरु की टीम को दूसरा झटका लगा, जब राशिद खान की गेंद पर विराट कोहली बोल्ड हो गए. विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हुए. अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके लगाए.

इससे पहले हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. हैदराबाद ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है. भुवनेश्वर कुमार की जगह बासिल थम्पी को शामिल किया गया है. इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

बेंगलुरु ने दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब को मात देकर अपने प्लेऑफ में जाने की संभावानाओं के किसी तरह जिंदा रखा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आठ टीमों की अंकतालिका में सातवें नंबर पर बनी हुई है. बेंगलुरु को 12 मैचों में सात में हार मिली है, लेकिन बीते कुछ मैचों में मिली जीत ने उसकी उम्मीद जगा दी है.  हैदराबाद ने 12 मैचों में से नौ में जीत हासिल की है. वह 18 अंकों के साथ पहले स्थान पर है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और बल्लेबाजी कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के जिम्मे ही है. कोई और बल्लेबाज अभी तक इन दोनों की छांव से निकल कर टीम के लिए बड़ा योगदान नहीं दे पाया है. कोहली ने 12 मैचों में 514 रन बनाए हैं, जबकि डिविलियर्स के हिस्से 358 रन हैं.

ऐसा नहीं है कि टीम में अच्छे बल्लेबाजों की कमी हो. ब्रेंडन मैक्कुलम, मोईन अली जैसे अच्छे बल्लेबाज टीम के पास हैं, लेकिन बल्ले से नाकाम ही रहे हैं. मनदीप सिंह भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. कोरी एंडरसन, कॉलिन डि ग्रैंडहोम ने जरूर निचले क्रम में टीम को कुछ हद तक संभाला है.

टीम की गेंदबाजी ने पिछले कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है. उमेश यादव ने जिम्मेदारी लेते हुए टीम का भार संभाला तो वहीं मोहम्मद सिराज ने उनका बखूबी साथ दिया. स्पिन विभाग में युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर भी टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. बेंगलुरु को जीत के लिए एकजुट होकर प्रदर्शन करने की जरूरत है.

हैदराबाद की बात की जाए तो टीम बल्लेबाजी में अपने कप्तान केन विलियमसन के जिम्मे है. उन्होंने अभी तक कुल 544 रन बनाए हैं. टूर्नामेंट से आगे बढ़ते हुए सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का बल्ला भी बोलने लगा है. उन्होंने अभी तक कुल 369 रन बनाए हैं.

टीम की कोशिश एक और जीत हासिल कर अपने पहले स्थान को कायम रखने की होगी. बल्लेबाजी में धवन और विलियमसन के अलावा कोई और आगे नहीं आ पाया है. यूसुफ पठान, मनीष पांडे, शाकिब अल हसन अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखने में सफल नहीं रहे हैं.

टीम की ताकत उसकी गेंदबाजी है और इसी के दम पर वह लगातार जीत के रास्ते पर बनी हुई है. राशिद खान, शाकिब, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा जैसे गेंदबाजों के रहते टीम ने छोटे से छोटे से लक्ष्य का बचाव किया है.

प्लेइंग इलेवन:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली (कप्तान), पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मोईन अली, एबी डिविलियर्स, मंदीप सिंह, कॉलिन डि ग्रैंडहोम, सरफराज खान, टिम साउदी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल.

सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन (कप्तान), एलेक्स हेल्स, शिखर धवन, मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, दीपक हुड्डा, श्रीवत्स गोस्वामी (विकेटकीपर), राशिद खान, बासिल थम्पी, सिद्धार्थ कौल और संदीप शर्मा.