Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

 ट्रॉफी पर कब्जे के लिए SRH ने CSK को दी 179 रनों की चुनौती

मुंबई
आईपीएल के 11वें सीजन के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हैं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 178 रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 179 रनों की चुनौती रखी.  हैदराबाद की तरफ से कप्तान केन विलियमसन ने 47 रन बनाए जबकि यूसुफ पठान ने 45 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. 

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी की शुरुआत दीपक चाहर ने की और अपने पहले ओवर में सिर्फ 6 रन दिए. इसके बाद पारी का दूसरा ओवर करने आए लुंगी नगिदी ने अपने ओवर में कुल 7 रन दिए और सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनरों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया. इसका असर जल्द देखने को मिला और श्रीवत्स गोस्वामी रन चुराने के चक्कर में रनआउट होकर पवेलियन लौट गए. गोस्वामी 5 रन बनाकर आउट हुए.

हैदराबाद की पारी का चौथा ओवर मेडन रहा और तेज गेंदबाज लुंगी नगिदी ने इस ओवर में एक भी रन नहीं दिया. पावरप्ले में हैदराबाद की बल्लेबाजी धीमी रही और टीम ने एक विकेट के नुकसान पर सिर्फ 42 रन ही जुटाए. इस दौरान धवन के बल्ले से 18 रन और विलियमसन के बल्ले से 16 रन निकले.

सातवें ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा. नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने शिखर धवन को क्लीन बोल्ड कर हैदराबाद की टीम को दूसरा झटका दिया. धवन 26 रन बनाकर आउट हुए. अपनी 25 गेंदों की पारी में उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया.

13वें ओवर में पहली ही गेंद पर कर्ण शर्मा ने हैदराबाद को तीसरा झटका दिया. केन विलियम्सन, शर्मा की गेंद पर चकमा खा गए और विकेट के पीछे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया. विलियम्सन 47 रन बनाकर आउट हुए. अपनी 36 गेंदों की पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए.

16वें ओवर में ड्वेन ब्रावो ने शाकिब अल हसन को सुरेश रैना के हाथों कैच आउट करा हैदराबाद को चौथा झटका दिया. शाकिब 23 रन बनाकर आउट हुए. शाकिब के बाद दीपक हुड्डा भी कुछ खास नहीं कर सके और 17वें ओवर में लुंगी नगिदी का शिकार बने.

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है.

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ है. हरभजन सिंह की जगह लेग स्पिनर कर्ण शर्मा को शामिल किया गया है. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा की जगह श्रीवत्स गोस्वामी को मौका दिया गया है. इसके अलावा तेज गेंदबाज खलील अहमद की जगह संदीप शर्मा वापस आए हैं.