मुंबई। मैन ऑफ द मैच फाफ डु प्लेसिस ने 42 गेंदों में 67 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए मंगलवार को पहले क्वालीफायर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के मुंह से जीत छीनते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के फाइनल में जगह दिला दी।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद द्वारा रखे गए 140 रनों के जबाव में एक समय चेन्नई ने अपने आठ विकेट 113 रनों पर ही खो दिए थे, लेकिन प्लेसिस ने 18वें ओवर में 20 रन और 19वें ओवर में 17 रन लेकर चेन्नई को जीत के करीब पहुंचा दिया और फिर आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का मार चेन्नई को दो विकेट से जीत दिलाई।
इस मैच को जीत चेन्नई ने सीधे फाइनल में जगह बना ली है हालांकि हैदराबाद की फाइनल खेलने की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। उसे दूसरे क्वालीफायर में खेलने का मौका मिलेगा जहां उसका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा।
डु प्लेसिस ने अपनी नाबाद पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। अंत में शार्दूल ठाकुर ने भी डु प्लेसिस का अच्छा साथ दिया और पांच गेंदों में तीन चौकों की मदद से उपयोगी 15 रन बनाए। वह भी नाबाद लौटे।
हैदरबाद के बल्लेबाज भी इस मैच में संघर्ष करते दिखे थे, लेकिन अंत में कार्लोस ब्रैथवेट ने 29 गेंदों में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 43 रन बना हैदराबाद को 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 138 रनों का स्कोर दिया।
The post #SRH VS CSK : हैदराबाद को 2 विकेट से हराकर चेन्नई पहुंची फाइनल में appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
