Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

स्पेन ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में ईरान को 1-0 से हराया: फीफा विश्व कप 

कजान 
डिएगो कोस्टा के गोल की मदद से स्पेन ने फीफा विश्व कप 2018 में अपनी पहली जीत दर्ज की। बुधवार को उसने ईरान को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के बाद 2010 की विजेता टीम की अंतिम 16 में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गईं हैं।  
 
कोस्टा ने पुर्तगाल के खिलाफ 3-3 से बराबर रहे मुकाबले में दो गोल किए थे। इस मैच में उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जब वह शुरुआत में ही ईरानी गोलकीपर अली बीरनवैंड के पैर पर चढ़ गए। अली उस समय गेंद को हिट करने की कोशिश कर रहे थे। 

उनकी इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। खेल के 54वें मिनट में उन्हें एक बार फिर किस्मत का साथ मिला। जब डिफेंडर का एक शॉट उनके घुटने से लगकर गोलकीपर अली को छकाता हुए ईरानी गोलपोस्ट में जा घुसा। कोस्टा का यह दो मैचों में तीसरा गोल था। 

ईरान के पास गेंद पर काफी कम नियंत्रण रहा लेकिन उनके पास काफी मौके जरूर थे। कोस्टा के गोल के एक मिनट बाद ही उनका एक गोल अंपायर ने ऑफ साइड करार दे दिया था। 

मैच का पहला हाफ अटैक और डिफेंस के बीच मुकाबला रहा। ईरानी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 2010 की चैंपियन टीम को 0-0 पर रोक दिया। 

इस नतीजे के बाद स्पेन ग्रुप बी में पुर्तगाल के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं ईरान तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। लगातार दो मैच हारने के बाद मोरक्को अब अंतिम 16 की दौड़ से बाहर हो गया है। 

ईरानी टीम ने शानदार डिफेंस किया। स्पेन ने कई हमले किए लेकिन वह पहले हाफ में गोल नहीं कर पाए। स्पेन ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा। ईरान ने पहले हाफ में ज्यादातर समय 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेला। 

स्पेन को पहले हाफ में कई मौके मिले लेकिन वह उसे गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचा पाए। 25 वें मिनट में जब डेविड सिल्वा की फ्री किक के डिफ्लेक्शन को कीपर अली ने बचा लिया।