Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अर्जेंटीना से भिड़ेगा क्रोएशिया, दुनिया की निगाहें मेसी पर: फीफा विश्व कप 2018

निजनी नोवगोरोद 
वर्ल्ड फुटबॉल में सबसे बड़े नामों में से एक लियोनेल मेसी आज (गुरुवार) अपने करियर का संभवत: सबसे कड़ा मुकाबला खेलने उतरेंगे। मैच क्रोएशिया से है, लेकिन मेसी का मुकाबला खुद से होगा। उस दबाव से होगा जो वह वर्ल्ड कप के पहले मैच में आइसलैंड के खिलाफ पेनल्टी किक मिस करने के बाद से झेल रहे हैं। 
दुनिया की निगाहें भी मेसी पर होंगी। वह देखना चाहेंगे कि मेसी का मैजिक केवल क्लब मैचों तक सीमित है या फिर वह फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर भी अपना जलवा बिखेर सकते हैं। 

आज चूके तो सब खत्म 
अगर अर्जेंटीना को निराशाजनक परिणाम मिलता है तो टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो सकती है और यह 2002 वर्ल्ड कप की तरह ही होगा जिसमें उसे पहले दौर में ही बाहर होना पड़ा था। महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना ने आइसलैंड के नतीजे को ‘शर्मनाक’ बताया था। सबसे बड़ी निराशा मेसी के पेनल्टी शॉट से चूकने के अलावा 11 शॉट में असफल होने से हुई। वर्ल्ड कप में किसी खिलाड़ी द्वारा शॉट में असफल होने के मामले में वह इटली के लुईगी रिवा (1970) के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। 

क्रोएशिया में सब कुछ ठीक नहीं 
क्रोएशियाई टीम ने पहले मैच में नाइजीरिया पर भले ही 2-0 की जीत दर्ज की हो, लेकिन वहां सब कुछ ठीक नहीं है। कॉल गर्ल्स के साथ पार्टी, टीम के अहम खिलाड़ी का नाम ड्रग ट्रैफिकिंग से जुड़ने के विवाद के बाद ताजा प्रकरण यह है कि उसने अपने स्ट्राइकर निकोला कालिनिच को स्वदेश वापस भेज दिया है। निकोला ने पहले मैच में स्टार्टिंग इलेवन में नाम नहीं होने के बाद स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरने से मना कर दिया था। 

अर्जेंटीना का पलड़ा भारी 
दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए कुल मुकाबलों की बात करें तो पलड़ा अर्जेंटीना का थोड़ा भारी नजर आता है लेकिन क्रोएशिया को कमजोर समझने की गलती टीम नहीं करेगी। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 4 मैच खेले गए हैं जिनमें 2 बार मेसी की टीम ने जीत दर्ज की है, वहीं 1 बार क्रोएशिया को जीत मिली है। एक मैच ड्रॉ रहा है।