Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टी-20 विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड से भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं

दुबई, 25 जून; भारतीय महिला टीम इसी साल होने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) महिला टी-20 विश्व कप में पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के सामने उतरेंगी। आईसीसी ने सोमवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकार दी। यह विश्व कप वेस्टइंडीज में नौ से 24 नवंबर के बीच खेला जाएगा।

पहले दिन भारत और न्यूजीलैंड के अलावा आस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और मेजबान वेस्टइंडीज भी मैदान पर उतरेंगी।

ऐसा पहली बार हो रहा है कि महिला टी-20 विश्व कप अकेले आयोजित किया जा रहा हो। 2016 में इसे भारत में पुरुषों के टी-20 विश्व कप के साथ आयोजित किया गया था जहां वेस्टइंडीज की महिला टीम ने खिताब अपने नाम किया था।

यह विश्व कप गयाना, सेंट लूसिया, एंटीग एवं बार्बुडा में आयोजित किया जाएगा। इस विश्व कप में निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का भी उपयोग किया जाएगा।

विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिसमें तीन बार की विजेता आस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और मौजूदा विजेता वेस्टइंडीज है जबकि दो टीमें क्वालीफायर से इस टूर्नामेंट में आएंगी।

ग्रुप-ए में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और एक क्वालीफायर से आने वाली टीम को रखा गया है। वहीं ग्रुप-बी में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और क्वालीफायर से आने वाली दूसरी टीम को रखा गया है।

बांग्लादेश, आयरलैंड, नीदरलैंडस, पापुआ न्यू गिनी, स्कॉटलैंड, थाईलैंड, यूगांडा और संयुक्त अरब अमीरात की टीमें क्वालीफायर टूर्नामेंट खेलेंगी।

आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप की टूर्नामेंट निदेशक जेनिफर नेरो ने कहा, “पूरे विश्व में वेस्टइंडीज खेल के लिए शानदार जगहों में से एक है क्योंकि यहां खेल, मनोरंजन और संस्कृति है। मैं प्रशंसकों से उम्मीद करती हूं कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को लेकर इस टूर्नामेंट में आएं।”

भारतीय टी-20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बयान में कहा, “कार्यक्रम की घोषणो होने से तैयारी शुरू करने का वक्त आ गया है। हम वेस्टइंडीज में खेलने को तैयार हैं।”

The post टी-20 विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड से भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं appeared first on SportzWiki Hindi.