खेल डेस्क। विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने दो मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में आयरलैंड को 76 रन से शिकस्त दी। इस मैच में भारत के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने नाम एक विश्व रिकॉर्ड दर्ज करवाया।
कुलदीप यादव ने इस मैच में केवल 21 रन देकर चार विकेट हासिल किए। ये उनका टी-20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस प्रदर्शन की मदद से कुलदीप यादव ने एक बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर द्वारा सबसे ज्यादा टी-20 विकेट लेने का नीदरलैंड्स के माइकल रिपन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रिपन ने 17 टी-20 मैच में 15 विकेट हासिल किए थे।
इस मैच के मैन ऑफ द मैच कुलदीप यादव ने चार विकेट हासिल कर रिपन को इस मामले में पीछे छोड़ा। कुलदीप यादव के अब अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा 16 विकेट हो गए हैं। कुलदीप ने केवल नौवें टी-20 मैच में ही रिपन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इस मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (97) और शिखर धवन (74) की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने अपने 100वें टी-20 मैच में आयरलैंड को 76 रन से शिकस्त देकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।
रोहित शर्मा और शिखर धवन की शानदार बल्लेबाजी की मदद से पहले टी-20 मैच में भारत ने पांच विकेट पर 208 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में आयरलैंड 20 ओवर में नौ विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
टीम इंडिया की 100 मैचों में यह 62वीं और आयरलैंड के खिलाफ दूसरी जीत है। इंडिया को सलामी बल्लेबाज रोहित और शिखर धवन ने 16 ओवर में 160 रन की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दिलाई।
हालांकि रोहित शर्मा ने 61 गेंदों पर 97 रन की पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए। शिखर ने 45 गेंदों पर 74 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के उड़ाए।