नॉटिंघम। जॉनी बेयरस्टो (139) और एलेक्स हेल्स (147) के तूफानी शतकों की मदद से इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में मंगलवार को विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 242 रन से शिकस्त दी।
टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने जॉनी बेयरस्टो, एलेक्स हेल्स और कप्तान इयोन मोर्गन की तूफानी पारियों की मदद से निर्धारित पचास ओवरों में छह विकेट पर 481 रन का विश्व रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया।
इंग्लैंड के इस विशाल लक्ष्य के जवाब में कंगारू टीम 37 ओवर में 239 रन पर ही ढेर हो गई। मेजबान टीम की ओर से आदिल रशीद ने 47 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके। जबकि मोइन अली ने भी 28 रन पर तीन विकेट हासिल किए।ऑस्ट्रेलिया की ओर से हेड ने सर्वाधिक 51 रन का योगदान दिया। जबकि स्टोइनिस ने 44 रन बनाए।
इससे पहले मेजबान टीम ने 481 रन बनाकर पुरुष वनडे में अपने ही सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। जो उसने नॉटिंघम में ही 30 अगस्त, 2016 को पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। इस मैच में इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 444 रन बनाए थे। हालांकि इंग्लैंड टीम के पास अन्तरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर बनाने का न्यूजीलैंड महिला टीम का विश्व रिकॉर्ड तोडऩे का मौका था, लेकिन वह इसे तोडऩे में असफल रही।
न्यूजीलैंड की महिला टीमने इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 490 रन का पहाडऩुमा स्कोर खड़ा किया था। इंग्लैंड की ओर से मैच में बेयरस्टो ने 92 गेंदों पर 15 चौकों और पांच छक्कों की सहायता से 139 रन और एलेक्स हेल्स ने 92 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के की मदद से 147 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज जैसन रॉय ने 61 गेंदों में 82 और कप्तान इयोन मॉर्गन ने 30 गेंदों में 67 रन की विस्फोटक पारियों खेली।कंगारू टीम की ओर से तेज गेंदबाज एंड्यू टाई ने नौ ओवर में 100 खर्च किए।