Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

25 साल पहले वॉर्न की ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ दुनिया को कर गई थी हैरान

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने 25 साल पहले आज ही के दिन एशेज सीरीज के दौरान एक ऐसी जादुई गेंद फेंकी, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. वॉर्न की इस गेंद को ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ का दर्जा दिया गया था. वॉर्न ने 4 जून 1993 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लिश बल्लेबाज माइक गेटिंग को बोल्ड किया. वह गेंद लगभग 90 डिग्री के कोण से घूमी थी, जिसे देखकर सभी हैरान हो गए.

वॉर्न ने गेटिंग को किया चित
वॉर्न की गेंद लेग स्टंप के काफी बाहर पिच हुई और ऐसा लग रहा था कि गेंद वाइड हो सकती है, इसी के चलते गेटिंग ने उसे खेलने का प्रयास नहीं किया. इस बीच जबरदस्त तेजी से टर्न हुई गेंद गेटिंग को चकमा देते हुए उनके ऑफ स्टंप पर जा लगी.

'बॉल ऑफ द सेंचुरी' से बदली वॉर्न की जिंदगी
अपनी इसी 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' के बारे में शेन वॉर्न ने एक बार बताया था कि यह गेंद एक अचरज थी और मैंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी और न ही मैं इसे दोहरा सकता हूं. वॉर्न ने कहा था, एक लेग स्पिनर के तौर पर आप हमेशा एक बेहतर लेग ब्रेक गेंद डालने के बारे में सोचते हो. मैंने भी ठीक उसी तरह की गेंद डालने की कोशिश की थी. लेकिन,गेंद 90 डिग्री तक घूम गई जो वास्तव में अजूबा था.

शेन वॉर्न ने कहा, 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' बिलकुल वैसी ही गेंद थी, जो सभी लेग स्पिन गेंदबाज डालने की कोशिश करते हैं. इस गेंद ने मैदान के अंदर और बाहर की मेरी जिंदगी को बदल कर रख दिया. मुझे बहुत गर्व है कि मैंने गेंद 'बॉल ऑफ द सेंचुरी' डाली थी. खासकर माइक गेटिंग जैसे बेहतरीन खिलाड़ी को जो इंग्लैंड की टीम में स्पिन गेंदबाजी का माहिर खिलाड़ी था. वॉर्न ने कहा, वो मेरी जिंदगी का सबसे खास पल था.

ऐसा रहा वॉर्न का करियर
बता दें कि वॉर्न टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं. उन्होंने 145 टेस्ट मैच खेलकर 708 विकेट हासिल किए, जिसमें 37 बार पारी में 5 या इससे अधिक विकेट और 10 बार मैच में 10 या इससे अधिक विकेट शामिल हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनकी गेंदबाजी कितनी घातक रही. वहीं उन्होंने 194 वनडे मैचों में 293 विकेट लिए.